सीएम के औचक निरीक्षण का असर, राजधानी की सड़कों पर पैदल उतरे एसएसपी और ट्रैफिक एसपी

Jharkhand News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा रांची शहर की यातायात व्यवस्था का किए गए औचक निरीक्षण और नाराजगी जताए जाने के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। एसएसपी और ट्रॉफिक एसपी पैदल सड़क पर उतर गए.....

ट्रॉफिक व्यवस्था दुरुस्त करने सड़क पर उतरे एसएसपी- फोटो : न्यूज4नेशन

Ranchi : राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और शहरवासियों को जाम से निजात दिलाने के लिए रांची पुलिस के आला अधिकारी खुद सड़कों पर उतरे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किए गए औचक निरीक्षण और नाराजगी जताए जाने के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। एसएसपी राकेश रंजन और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बल-जवानों के साथ शहर के सबसे व्यस्तम इलाकों का पैदल मुआयना किया।


बिना कारकेड के आम जनता की तरह सड़क पर जायजा लेने निकले थे सीएम 

दरअसल, यह पूरा प्रशासनिक अमला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस औचक निरीक्षण के बाद हरकत में आया है, जब रविवार को सीएम बिना किसी तामझाम और कारकेड के आम जनता की तरह अकेले ही सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लेने निकल पड़े थे। इस दौरान शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था और चौराहों पर मची अव्यवस्था को देखकर मुख्यमंत्री ने भारी नाराजगी जताई थी। सीएम ने मौके पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों की क्लास लगाते हुए उन्हें कड़ी डांट-फटकार भी लगाई थी।


व्यस्तम मार्गों पर अधिकारियों ने पैदल चलकर लिया जायजा

मुख्यमंत्री के सख्त रुख के बाद सोमवार को एसएसपी राकेश रंजन और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह खुद मोर्चे पर तैनात हुए। दोनों अधिकारियों ने रांची के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक मार्ग मेन रोड, अलबर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, डेली मार्केट और अंजुमन प्लाजा तक पैदल मार्च कर ट्रैफिक व्यवस्था का सघन जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान सड़कों पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन और चारों तरफ फैली अव्यवस्था को देखकर एसएसपी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।


लापरवाही पर भड़के एसएसपी, पुलिसकर्मियों को दी सीधी कार्रवाई की चेतावनी

सड़क पर फैली कुव्यवस्था को देख एसएसपी राकेश रंजन का पारा चढ़ गया और उन्होंने ऑन-ड्यूटी तैनात पुलिसकर्मियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था के संचालन में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने कड़े लहजे में कहा कि यदि पुलिसकर्मियों की ढिलाई या लापरवाही के कारण सड़क पर दोबारा जाम की स्थिति पैदा होती है, तो संबंधित कर्मियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन पर सीधी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा, गाड़ियां जब्त करने के आदेश

ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए एसएसपी ने मातहत अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि जो भी चालक सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करते हैं, उन पर तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर न केवल भारी जुर्माना लगाया जाए, बल्कि उनकी गाड़ियों को भी क्रेन से उठाकर जब्त किया जाए। प्रशासन की इस अचानक हुई सख्त कार्रवाई से शहर के अतिक्रमणकारियों और गलत पार्किंग करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।