बक्सर में केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाला शवयात्रा, कहा नहीं दिया 9 साल के विकास का हिसाब

BUXAR : जिले के डुमराँव शहर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने ही पार्टी के स्थानीय सांसद सह भारत सरकार के मंत्री का शव यात्रा निकाला। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिसे देखकर हर कोई हैरान था। हाथ में बीजेपी का झंडा, गले में कमल छाप का पट्टा लगाकर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मंत्री के 9 साल की नाकामियो को बताते हुए उन्हें विकास विरोधी बताया। इस दौरान स्थानीय लोग घरों से बाहर निकलकर इस माजरे को समझने का प्रयास कर रहे थे।

शव यात्रा के बाद किया दाह संस्कार

पार्टी के सांसद सह केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार चौबे के पुतले का शव यात्रा शहर के शहीद पार्क से निकलकर गोला रोड होते हुए नया थाना के पास पहुँचा। जहां उनके पुतले को जलाकर दाह संस्कार किया गया। साथ ही विरोध में जमकर नारे भी लगाए। इस दौरान भाजपा नेता संतोष कुमार दुबे ने कहा कि सांसद के कार्यकाल का 9 वर्ष हो गया। लेकिन इनके द्वारा इस कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में क्या-क्या विकास का कार्य किया गया है। उसका कोई हिसाब तक नहीं है। 

क्या कहते है भाजपा के नेता

शव यात्रा में शामिल होने पहुंचे भाजपा के नेताओं ने बताया कि केंद्र की सरकार 9 साल में बक्सर के विकास के लिए सांसद को 45 करोड़ की राशि दी है। लेकिन वह फंड कहा है किस मद में खर्च हुआ है। इसका कोई जवाब मंत्री नहीं देते है। वही कोरानसराय के पूर्व मंडल अध्यक्ष सह मुंगाव मुखिया इंदल सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं पर सांसद चुप्पी साधे हुए है। जबकि चुनाव के दौरान इनलोगो का एक ही नारा रहता है। हम किसान के नेता है। आज के दौर में किसान किस हालत में अपना जीवन गुजार रहे है। पूरे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कभी भी आकर नही देखा। एक और सरकार यह कह रही है कि किसानों के लिए पूरी दिन बिजली उपलब्ध रहेगी। जबकि 6 घण्टा भी शुद्ध बिजली नहीं रहता है। वही नहरों में पानी तक नहीं है। धान की रोपनी शुरू हो चुकी है। किसान परेशान है। 

महागठबंधन में ख़ुशी की लहर 

गौरतलब है कि पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा अपने ही सांसद का शव यात्रा निकालने पर, महागठबंधन के नेताओं मैं खुशी का लहर है। और महागठबंधन के नेता अपनी एकजुटता का यह जीत मान रहे हैं। जहां चुनाव से पहले ही केंद्रीय राज्य मंत्री के विरोध में उनके ही पार्टी के नेता और कार्यकर्ता खड़े हो गए हैं।

बक्सर से संदीप वर्मा की रिपोर्ट