संकल्प यात्रा के तहत कैमूर पहुंचे पूर्व मंत्री मुकेश सहनी, कहा- अपनी एकता और ताकत के लिए जाना जाते हैं निषाद

KAIMUR: 'सन ऑफ मल्लाह ' के नाम से चर्चित विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी गुरुवार को अपने निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा के क्रम में कैमूर जिला पहुंचे। इस दौरान प्रत्येक तय स्थल पर हजारों को भीड़ उनके स्वागत के लिए खड़ी दिखी। इस क्रम में सहनी ने लोगों में जोश भरते हुए कहा कि निषाद समाज अपनी एकता और ताकत के लिए जाना जाता है, आज फिर से अपनी पहचान साबित करने का समय आ गया है, जब अपने दोस्त और दुश्मनों की पहचान की जाए।
उन्होंने कहा कि अब यह तय करना है कि जो हमारी सुनेगा उसकी हम सुनेंगे और जो हमारी नहीं सुनेगा, उसकी हम नही सुनेंगे। इस दौरान सहनी ने आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए सभी के हाथों में गंगा जल लेकर पूर्वजों और अपने कुल देवता को साक्षी मानकर संकल्प कराया। आज की यात्रा की शुरुआत रामगढ़ से प्रारंभ हुई। जहां बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ में गंगाजल लेकर अपनी पार्टी के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस दौरान सहनी ने लोगों को संबोधित किया। इसके बाद यह यात्रा दुर्गावती, हाता, भभुआ होते हुए सवार पहुंचा। इस सभी स्थलों पर बड़ी संख्या में उत्साहित लोगों का जमावड़ा लगा था और लोगों ने उत्साह के साथ संकल्प लिया। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा बाइक और चार पहिया वाहन के साथ शामिल हुए।
सहनी ने कहा कि हमे जरूरत है कि अपनी वोट की शक्ति को पहचाने। उन्होंने कहा जिस तरह लोग साथ में संकल्प ले रहे है। उससे साफ है कि अब तक जो निषादों का वोट खरीदते थे उन्हे अब भ्रम टूट जाएगा। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि देश का संविधान एक है, जब अन्य राज्यों में निषादों को आरक्षण मिल सकता है तो फिर बिहार, यूपी और झारखंड में क्यों नहीं।