पीएम मोदी पर बरसे राहुल, मणिपुर हिंसा का मजाक बनाना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता, भाजपा ने मणिपुर को दो भाग में बांट दिया

DESK. अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान पीएम मोदी के स्पीच पर शुक्रवार को राहुल गांधी ने कहा कि कल प्रधानमंत्री जी ने पार्लियामेंट में 2 घंटे 13 मिनट भाषण किए। उसमें अंत में दो मिनट मणिपुर की बात की। मणिपुर में महीनों से आग लगी हुई है। लोग मारे जा रहे हैं। बलात्कार हो रहे हैं, बच्चों को मारा जा रहा है। मणिपुर जल रहा है और पीएम हंस-हंसकर लोकसभा में बोल रहे थे। मुस्कुरा रहे थे, जोक्स क्रैक कर रहे थे। हंस रहे थे। यह उनको शोभा नहीं देता है। हिंदुस्तान का प्रधानमंत्री अगर इस देश में हिंसा हो रही है तो मजाक नहीं बनाना चाहिए। विषय कांग्रेस नहीं था, विषय मैं नहीं था, विषय मणिपुर है। मणिपुर में क्या हो रहा है और उसको क्यों नहीं रोका जा रहा है, यह विषय है।
राहुल ने कहा कि जब मैंने प्रधानमंत्री को हंसते हुए और मजाक उड़ाते हुए देखा मैं समझ नहीं पा रहा था कि हिन्दुस्तान का प्रधानमंत्री इस प्रकार से कैसे बोल सकता है। पता नहीं लग रहा है कि हमारे देश में क्या हो रहा है। वो नहीं जा सकते हैं वहां उसके भी कारण हैं। छोड़िए मैं बता नहीं सकता। लेकिन अगर जा नहीं सकते हैं तो मणिपुर के बारे में बोले तो। राहुल ने कहा कि मणिपुर में जो हो रहा है हिन्दुस्तान की सेना उसको दो दिन में रोक सकती है। अगर हिन्दुस्तान की आर्मी को कहा गया कि ये तमाशा बंद करो तो दो दिन में ये तमाशा बंद हो जाएगा। प्रधानमंत्री मणिपुर को जलाना चाहते हैं, आग बुझाना नहीं चाहते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि मैं तकरीबन 19 साल से राजनीति में हूं। मैं हर स्टेट में गया। बाढ़ आए, तूफान आए, सुनामी आई थी, हिंसा होती है, हम जाते हैं। 19 साल के अनुभव में मैंने जो मणिपुर में देखा और सुना, वह मैंने कहीं नहीं देखा था। मैंने पार्लियामेंट में बोला कि प्रधानमंत्री जी और अमित शाह जी ने मणिपुर में भारत माता की हत्या कर दी है। मैंने यह ऐसे नहीं बोला था, मैंने खोखले शब्द नहीं बोले थे। मैं समझाता हूं यह बात बोली क्यों। जब हम मणिपुर पहुंचे। हम लैंड किए, हमें मणिपुर में दौरा करना था।
उन्होंने कहा कि जब हम मैतेई एरिया में गए तो हमें साफ कहा गया था कि अगर कुकी आपकी सिक्योरिटी में हुआ तो हम गोली मार देंगे। कुकी के इलाके में गए तो कहा कि मैतेई सिक्योरिटी में होगा तो उसे मार देंगे। हम जब गए तो मैतेई को परे करना पड़ा, हमें कुकी को परे करना पड़ा। मतलब एक स्टेट नहीं है, दो स्टेट है। स्टेट की हत्या कर दी गई है और उसे चीर दी गई है। इसलिए मैंने बोला हिन्दुस्तान की हत्या मणिपुर में बीजेपी ने कर दी है। और जब हमने प्रधानमंत्री को देखा हंसते हुए, मजाक उड़ाते हुए मैं समझ नहीं पा रहा था कि देश का प्रधानमंत्री इस प्रकार से कैसे बोल सकता है। प्रधानमंत्री को ये पता नहीं लग रहा है कि हमारे देश में क्या हो रहा है।