बिहार के नए राज्यपाल बने राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर रहे हैं RSS के हार्डकोर वर्कर, गोवा में लिया था ऐतिहासिक निर्णय, जानिए बिहार के लिए क्यों हैं अहम

पटना. राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शुक्रवार को बिहार के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ली. उन्हें पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इसके पहले बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर के पटना पहुँचने पर जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया. स्टेट हैंगर में बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। गार्ड ऑफ ऑनर के पहले बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर की अगवानी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की तथा फूलों का गुलदस्ता भेंटकर उनका अभिनंदन किया। 

राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर गोवा के रहने वाले हैं. उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि आरएसएस और भाजपा से जुडी रही हैं. बिहार के पहले वे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल थे. 68 वर्षीय राजेंद्र आर्लेकर गोवा के रहने वाले हैं। उन्हें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल पद से बिहार ट्रांसफर किया गया है। आर्लेकर पहले गोवा से बीजेपी के विधायक थे और राज्य विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुके हैं। बचपन से ही आरएसएस के हार्डकोर वर्कर रहे आर्लेकर ने गोवा में भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई.  वे 1989 में भाजपा में शामिल हुए थे. उन्होंने गोवा में विधानसभा अध्यक्ष रहते हुएविधानसभा को कागजमुक्त बनाने की बेहतरीन पहल की. वे 2002 से 2007 तक पहली बार विधायक रहे. फिर 2012 से 2015 तक गोवा विधानसभा के स्पीकर रहे. वहीं 2015 से 2017 तक राज्य के पर्यावरण मंत्री के रूप में रहते हुए गोवा में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए. अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले आर्लेकर का बिहार का राज्यपाल बनना बेहद अहम माना जा रहा है. 

हवाई अड्डे पर उनके स्वागत में बिहार विधान परिषद् के सभापति देवेशचन्द्र ठाकुर, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, शिक्षा मंत्री चन्द्रशेखर, खान एवं भूतत्व मंत्री रामानंद यादव, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार, पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनिता देवी, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेन्द्र कुमार राय, विधि मंत्री शमीम अहमद, सूचना प्रावैधिकी मंत्री मो0 इसराईल मंसूरी, श्रम संसाधन मंत्री सुरेन्द्र राम, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधान परिषद् में नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे. 


इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आर०एस० भट्ठी, अपर मुख्य सचिव मंत्रिमंडल सचिवालय ब्रजेश मेहरोत्रा, पटना प्रमंडल के आयुक्त कुमार रवि, पुलिस महानिरीक्षक पटना रेंज राकेश राठी, पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।