बेतिया में बाइक से नवविवाहिता का शव फेंकने जा रहे लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस के किया हवाले

BETTIAH : जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के इनरवा गांव के समीप एक मृत महिला का शव फेंके जाने के बाद ग्रामीणों ने  जमकर हंगामा किया है। घटना शनिवार सुबह की है। घटना की सूचना पर पहुंची शिकारपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शिकारपुर थाना पहुंची। मृतक महिला की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के शेषनाथ प्रसाद की पुत्री सुमन कुमारी 20 वर्ष के रूप में हुई है।


थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि ईनरवा गांव के लोगों की ओर से सूचना दी गयी कि गांव में नारा के पास गन्ने के खेत में एक महिला की लाश फेंके जाने के दौरान कुछ लोगों को ग्रामीणो ने पकड़ कर रखा गया है। सूचना पर सदल बल पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेते हुए चार लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिये लोगों में मृतक के पति सुनील कुमार, ससुर मोहन साह, चचेरा ससुर दशरथ साह और मामा दिनेश साह  शामिल है। घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि शनिवार की सुबह छह बजे बाईक से एक लड़की के शव को शिकारपुर पंचायत के ईनरवा  गांव के पास गन्ने के खेत में फेंका जा रहा था। गांव के युवकों की नजर पड़ी तो शव फेकने वाले भागने लगे। उसके बाद युवकों ने हो हल्ला शुरू कर दिया। शोर सुन कर ग्रामीण जुट गये और शव फेंकने वाले पांच लोगो को पकड़ लिया। जिसमें मृतिका का पति एवं ससुराल के लोगो के साथ मृत लड़की का पिता भी शामिल था।

इनरवा गांव में मृत महिला सुमन कुमार के मौत मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। एसडीपीओ कुंदन कुमार शिकारपुर थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव के साथ सदल बल ईनरवा गांव पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। इधर थाना पहुंचे  विवाहिता के पिता शेशनाथ प्रसाद ने बताया कि शनिवार की सुबह उन्हे बेटी के  ससुराल वालो ने सूचना दी कि उसकी लड़की ने गले में  फंदा डाल खुदकुशी कर ली है। हालांकि पुलिस के समक्ष उसने बताया है कि उसकी लड़की की शादी चार माह पहले सुनील से की थी। उसकी लड़की मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। उसके दामाद ने मोबाइल छीन लिया जिसके कारण  उसकी पुत्री  फांसी लगा कर फंदे से लटक गयी है। लाश फेंके जाने की बात पर लड़की के पिता ने बताया कि बाईक से घर ले जाने के दौरान ईनरवा के पास कुछ युवक घेर लिये हैं और हाथापाई करने लगे। जिसकी वजह से बाईक से लाश गिर गयी।

एसडीपीओ नरकटियागंज कुंदन कुमार ने बताया की विवाहिता की मौत मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। मामले में   विवाहिता के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल का मुआयना कर ग्रामीणों से भी आवश्यक जानकारी ली गयी है। कहा की घटना की हर पहलू की जांच की जा रही है।

बेतिया से आशीष कुमार की रिपोर्ट