Mass shooting: अमेरिका के आयडहो में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बर्गर रेस्तरां, अंधाधुंध फायरिंग में कई की मौत की आशंका, पुलिस ने इलाके को घेरा
Mass shooting: अमेरिका के आयडहो राज्य में रविवार को उस वक्त दहशत फैल गई, जब एक बर्गर रेस्तरां में अंधाधुंध गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई।
वॉशिंगटन: अमेरिका के आयडहो राज्य में रविवार को उस वक्त दहशत फैल गई, जब एक बर्गर रेस्तरां में अंधाधुंध गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। दक्षिण आयडहो स्थित रेस्तरां में हुई इस फायरिंग में हमलावर समेत कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक मृतकों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है। शुरुआती जानकारी में पांच लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि की गई थी, लेकिन बाद में कई लोगों की मौत की खबर सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर ने इस खूनी वारदात को क्यों अंजाम दिया। जांच एजेंसियां हमलावर की पहचान, उसके मकसद और घटनाक्रम के हर पहलू की पड़ताल में जुटी हैं।
प्रत्यक्षदर्शी लेन कोएहन ने बताया कि वह रेस्तरां के बाहर अपनी गाड़ी में रुके हुए थे, तभी उन्होंने देखा कि एक शख्स एआर-स्टाइल राइफल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर हमलावर पर जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही पलों में पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रेस्तरां के अंदर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच रेस्तरां की यूनिफॉर्म पहने एक कर्मचारी एक घायल व्यक्ति को घसीटकर बाहर लाता दिखाई दिया, जिसके सीने में गोली लगी थी और काफी खून बह रहा था। पैरामेडिकल टीम के पहुंचने तक जवाबी फायरिंग करने वाला व्यक्ति मौके पर ही मौजूद रहा।
घटना ऐसे इलाके में हुई, जहां पास ही एक बेहद व्यस्त बाजार भी स्थित है। गोलीबारी के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि यह हमला किसी व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा था या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश थी।