Assembly Elections: असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान शुरु, 3 राज्यों के 296 सीटों पर 10 लाख नए वोटर्स डालेंगे वोट, जानिए किसका पलड़ा भारी
Assembly Elections: देश के 3 राज्य असम, केरल और पुडुचेरी में सुबह 7 बजे से मतदान शुरु हो गई है। तीनों राज्यों के 296 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। पीएम मोदी ने तीनों राज्य की जनता से मतदान करने की अपील की है।
Assembly Elections: देश के तीन राज्यों असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। शाम 5 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी। 3 राज्यों के 296 सीटों पर वोटिंग जारी है। आंकड़ों को देखे तो 10 लाख नए वोटर्स वोट डालेंगे। वहीं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। वोटिंग शुरू होने से पहले सुबह 6 से 7 बजे के बीच सभी मतदान केंद्रों पर मॉक पोलिंग कर ईवीएम की जांच की गई। सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और कई बूथों पर लंबी कतारें लगी हैं।
नए मतदाताओं में भारी उत्साह
चुनाव आयोग के अनुसार, असम, केरल और पुडुचेरी को मिलाकर करीब 5.3 करोड़ मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें लगभग 10 लाख से ज्यादा वोटर्स पहली बार मतदान कर रहे हैं। तीनों राज्यों में युवा मतदाताओं की बड़ी भूमिका देखने को मिल रही है। असम में 5.7 लाख, केरल में 4.24 लाख और पुडुचेरी में करीब 23 हजार नए मतदाता पहली बार वोट डाल रहे हैं।
असम का मुकाबला
असम की 126 विधानसभा सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस गठबंधन वापसी की उम्मीद कर रहा है। राज्य में करीब 2.5 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
केरल में त्रिकोणीय टक्कर
केरल की 140 सीटों पर 2.7 करोड़ से अधिक मतदाता 883 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। यहां सत्ताधारी एलडीएफ, कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के बीच कड़ा मुकाबला है। खास बात यह है कि राज्य में पहली बार कोई मुख्यमंत्री लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लिए चुनाव लड़ रहा है।
पुडुचेरी में बहुकोणीय मुकाबला
पुडुचेरी की 30 सीटों पर मतदान जारी है, जहां करीब 10 लाख मतदाता 294 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। यहां एनआर कांग्रेस, बीजेपी और कांग्रेस-डीएमके गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। 1,099 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 209 को संवेदनशील घोषित किया गया है।
पीएम मोदी की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों राज्यों की जनता से अपील की है कि वो घरों से निकलें और भारी संख्या में मतदान करें। पीएम मोदी ने ट्विट कर कहा कि, "मैं केरल के लोगों से 2026 के विधानसभा चुनावों में बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान करता हूँ। रिकॉर्ड भागीदारी केरल की लोकतांत्रिक भावना को और अधिक मज़बूती प्रदान करेगी। मैं विशेष रूप से राज्य के युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूँ कि वे आगे आएँ और बड़ी संख्या में मतदान करें"।
भविष्य संवारने में हर एक वोट का महत्व
इसी तरह पीएम मोदी ने असम की जनता से अपील करते हुए कहा कि, " मैं असम की जनता से अपील करता हूँ कि वे बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। मुझे उम्मीद है कि राज्य के युवा और महिला मतदाता पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र तथा नागरिक कर्तव्य का एक उत्सव बना देंगे"। पुडुचेरी की मतदाताओं को खास संदेश देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, " मैं हर मतदाता से आग्रह करता हूँ कि वे बाहर निकलें और रिकॉर्ड संख्या में मतदान में हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से हमारे युवाओं और महिला मतदाताओं से अपील करता हूँ कि वे लोकतंत्र की प्रक्रिया को मज़बूत करें। पुडुचेरी के भविष्य को संवारने में हर एक वोट मायने रखता है।"