ट्रंप का होर्मुज पर जंग का बिगुल! तेहरान की दहाड़,मध्य पूर्व बना बारूद का ढेर, बड़े युद्ध की आशंका से दुनिया में हड़कंप

Iran US Tension: मध्य पूर्व की सरजमीं पर जंग का शोर अब चौथे हफ्ते में दाखिल हो चुका है और फिज़ा में बारूद की बू और सियासी तूफ़ान साफ महसूस किया जा सकता है।

बड़े युद्ध की आशंका से दुनिया में हड़कंप- फोटो : social Media

Iran US Tension: मध्य पूर्व की सरज़मीं पर जंग का शोर अब चौथे हफ्ते में दाखिल हो चुका है और फिज़ा में बारूद की बू और सियासी तूफ़ान साफ महसूस किया जा सकता है। हालात इस कदर नाज़ुक हो चुके हैं कि हर पल किसी बड़े टकराव का अंदेशा मंडरा रहा है। इसी दरमियान, अमेरिका के राष्ट्रपति  डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ एक सख्त अल्टीमेटम जारी करते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को 48 घंटे के भीतर खोलने का हुक्म दिया है वरना अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है।

तेहरान ने भी इस अल्टीमेटम को हल्के में नहीं लिया। ईरानी हुकूमत ने दो-टूक लहजे में ऐलान किया है कि अगर अमेरिका ने उनके बिजली घरों या बुनियादी ढांचे पर हमला करने की जुर्रत की, तो जवाबी कार्रवाई में पूरा इलाका थर्रा उठेगा। ईरानी फौज ने साफ कर दिया है कि उनके निशाने पर दुश्मन के अहम ऊर्जा केंद्र और स्ट्रेटेजिक ठिकाने होंगे। साथ ही, होर्मुज जलडमरूमध्य की घेराबंदी को और ज्यादा सख्त करने की धमकी ने वैश्विक तेल सप्लाई पर खतरे की घंटी बजा दी है।

तनाव को और भड़काने वाला एक और दावा ईरान की तरफ से सामने आया है। तेहरान का कहना है कि उसकी एयर डिफेंस यूनिट ने होर्मुज द्वीप के करीब अमेरिकी F-15 लड़ाकू विमान को इंटरसेप्ट कर निशाना बनाया। हालांकि, वॉशिंगटन ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे महज अफवाह करार दिया है।

उधर, इजरायल भी अलर्ट मोड में है। हालिया हमलों में ईरानी मिसाइलों का उसके हाई-टेक एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देना सुरक्षा तंत्र पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है, जिससे यह साफ हो सके कि दुश्मन की मारक क्षमता कितनी बढ़ चुकी है।

कुल मिलाकर, हालात एक बड़े जंग की दस्तक दे रहे हैं जहां हर बयान, हर मिसाइल और हर रणनीति इस बारूद के ढेर को कभी भी भड़का सकती है। दुनिया की निगाहें अब इस जंग के अगले कदम पर टिकी हैं।