Ganga Aarti London: लंदन के टेम्स तट पर गूंजे वैदिक मंत्र, ऐतिहासिक गंगा आरती ने मोहा मन
Ganga Aarti London: लंदन में टेम्स नदी के तट पर पहली बार ऐतिहासिक गंगा आरती का भव्य आयोजन किया गया...
Ganga Aarti London: लंदन में टेम्स नदी के तट पर पहली बार ऐतिहासिक गंगा आरती का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चिन्मय मिशन यूके द्वारा टोटली टेम्स के वार्षिक उत्सव के सहयोग से आयोजित इस अनूठे कार्यक्रम का शीर्षक टेम्स तट पर गंगा आरती : प्रकाश उत्सव' रखा गया था।
यह आयोजन चिन्मय मिशन की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दुनियाभर में चल रहे कार्यक्रमों का एक अहम हिस्सा था। भारत की पारंपरिक गंगा आरती से प्रेरित इस अनुष्ठान की परिकल्पना प्रकृति, ज्ञान और चेतना के जीवनदायी प्रवाह के प्रतीक के रूप में की गई थी।
चिन्मय मिशन यूके की शिक्षिका ब्रह्मचारिणी श्रीप्रिया चैतन्य ने बताया कि यह आयोजन लोगों को कृतज्ञता, आशा और एकता के साझा भाव में एक साथ लाता है।
चिन्मय मिशन के संस्थापक स्वामी चिन्मयानंद के वेदांत संदेशों को आगे बढ़ाते हुए यह समारोह भौगोलिक सीमाओं से परे ज्ञान और सेवा की धारा का उत्सव है। इस पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित कर, मंत्रोच्चार और भजन-संगीत के साथ प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
लंदन की धरती पर हुआ यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि भारतीय सनातन संस्कृति और उसकी आध्यात्मिक परंपराएं अब वैश्विक स्तर पर दिलों को जोड़ने का काम कर रही हैं। प्रकृति और जीवनदायी शक्तियों के प्रति आभार व्यक्त करने वाला यह उत्सव इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो गया है।