Petrol-Diesel Prices: यहां पेट्रोल 31 तो डीजल 54 रुपए महंगा, LPG के दाम सुनकर उड़ जाएंगे होश! जानिए ताजा रेट

Petrol-Diesel Prices: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब भारत के पड़ोसी देश नेपाल में भी देखने को मिल रहा है। नेपाल सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। नेपाल ऑयल निगम ने रविवार देर रात हुई बैठक के बाद पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाने का फैसला लिया। नई कीमतें रविवार रात 12 बजे से लागू कर दी गई हैं।

पेट्रोल 31 और डीजल 54 रुपये महंगा

निगम के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 31 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 54 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। वहीं एलपीजी सिलेंडर के दाम भी 296 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद नेपाल में पेट्रोल का भाव 188 रुपये प्रति लीटर और डीजल 196 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,126 रुपये हो गई है।

पश्चिम एशिया संकट का असर

नेपाल ऑयल निगम का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के कारण वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिसका सीधा असर नेपाल पर पड़ा है। निगम के मुताबिक नेपाल खुद तेल का उत्पादन नहीं करता, इसलिए वैश्विक बाजार में कीमतें बढ़ने का असर यहां तुरंत देखने को मिलता है।

भारत पर पूरी तरह निर्भर नेपाल

नेपाल में आज तक कोई तेल रिफाइनरी स्थापित नहीं हो पाई है। इसी वजह से पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति के लिए नेपाल पूरी तरह भारत पर निर्भर है। नेपाल ऑयल निगम ने इस दौरान भारतीय कंपनी इंडियन ऑयल का आभार भी व्यक्त किया है। निगम ने कहा कि संकट की इस स्थिति में भी भारत ने नेपाल को ईंधन की आपूर्ति सुचारू बनाए रखी है। नेपाल में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की सप्लाई लगभग 100 प्रतिशत भारत से ही होती है।