ईरान का डांसिंग सेज्जिल वार, इजरायल और अमेरिकी ठिकानों पर तबाही का तूफान, मिसाइलों की बारिश से थर्राया मिडिल ईस्ट

Iran Israel war:ईरान ने ऐसा मिसाइल हमला किया जिसने पूरे इलाके में खौफ और हलचल मचा दी।...

ईरान का डांसिंग सेज्जिल वार से थर्राया मिडिल ईस्ट - फोटो : X

Iran Israel war: मिडिल ईस्ट की सरज़मीं इन दिनों जंग के शोले में जल रही है। ईरान, इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच छिड़ी यह घमासान लड़ाई अब और खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुकी है। जंग के 16वें दिन रविवार को ईरान ने ऐसा मिसाइल हमला किया जिसने पूरे इलाके में खौफ और हलचल मचा दी।

ईरान की सरकारी मीडिया Press TV के मुताबिक, इस हमले में पहली बार स्वदेशी तौर पर विकसित सेज्जिल बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया गया। ईरानी फौज ने ‘ट्रू प्रॉमिस 4’ ऑपरेशन के तहत इजरायल के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, एयरबेस और अहम सैन्य ठिकानों को निशाने पर लिया। आसमान में दागी गई इन मिसाइलों ने इलाके को युद्ध के मैदान में तब्दील कर दिया।

सेज्जिल मिसाइल को जंग की दुनिया में डांसिंग मिसाइल कहा जाता है। वजह यह है कि यह ऊंचाई पर जाकर अचानक पैंतरेबाज़ी करती है और दुश्मन की रक्षा प्रणाली को चकमा दे देती है। यही कारण है कि इजरायल की मशहूर आयरन डोम रक्षा प्रणाली के लिए भी इसे रोकना आसान नहीं माना जाता।

सामरिक और अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन केंद्र के मुताबिक यह मिसाइल लगभग 18 मीटर लंबी, 1.25 मीटर व्यास वाली और करीब 23,600 किलोग्राम वजनी है। इसकी मारक क्षमता लगभग 2000 किलोमीटर तक मानी जाती है और यह करीब 700 किलोग्राम विस्फोटक अपने साथ ले जा सकती है। ठोस ईंधन से चलने वाली यह दो-चरणीय मिसाइल कुछ ही मिनटों में लॉन्च के लिए तैयार हो जाती है, जो पुराने तरल ईंधन वाले मिसाइल सिस्टम से कहीं ज्यादा खतरनाक रणनीतिक बढ़त देती है।

दरअसल इस युद्ध की चिंगारी 28 फरवरी 2026 को भड़की थी, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हवाई हमले किए। उन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद पूरे मिडिल ईस्ट में जंग का तूफान उठ खड़ा हुआ।

अब तक की रिपोर्टों के मुताबिक इस युद्ध में 2000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें अधिकांश ईरानी नागरिक और सैनिक शामिल हैं। पेंटागन का दावा है कि अमेरिका और इजरायल की सेनाएं ईरान के 15,000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले कर चुकी हैं।

उधर अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने इलाके में अपने ताकतवर युद्धपोत यूएसएस त्रिपोली(LHA‑7) को करीब 2500 मरीन सैनिकों के साथ तैनात कर दिया है। इससे साफ है कि मिडिल ईस्ट की जंग अब और भड़क सकती है और आने वाले दिनों में मिसाइलों, ड्रोन और बमों की गूंज पूरी दुनिया को दहला सकती है।