Nepal government salary: पड़ोसी देश का बड़ा फैसला! सरकारी कर्मचारियों को अब महीने में दो बार सैलरी

Nepal government salary: नेपाल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इस दौरान सरकारी कर्मचारियों को अब महीने में दो बार वेतन मिलेगा। जानिए इसके पीछे की वजह।

Nepal government salary: नेपाल सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को वेतन देने के तरीके में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। अब कर्मचारियों को हर महीने एक बार की जगह हर 15 दिन में यानी महीने में दो बार वेतन दिया जाएगा। यह फैसला 17 अप्रैल को वित्त मंत्री स्तर पर लिया गया और इसे लागू करने के लिए संबंधित सरकारी विभागों को निर्देश भी भेज दिए गए हैं।

सरकार का मानना है कि इस फैसले से देश की अर्थव्यवस्था को गति मिल सकती है। जब कर्मचारियों के हाथ में पैसे जल्दी-जल्दी पहुंचेंगे, तो खर्च भी नियमित रूप से होगा और बाजार में गतिविधि बढ़ेगी। इससे आर्थिक हालात बेहतर करने में मदद मिल सकती है।

नई व्यवस्था कब से लागू होगी?

हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि यह नई व्यवस्था कब से लागू होगी। अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी रूप से इस सिस्टम को लागू करने में कोई बड़ी दिक्कत नहीं है। वे किसी भी समय सरकारी कर्मचारियों जैसे सिविल सेवकों, सेना, पुलिस और अन्य कर्मियों का वेतन जारी कर सकते हैं।

कानूनी बदलाव की जरूरत

वित्तीय नियंत्रक कार्यालय के प्रवक्ता दीपक लामिछाने ने कहा कि व्यवस्था लागू करना संभव है, लेकिन इसके लिए कुछ कानूनी बदलाव करने पड़ सकते हैं। वजह यह है कि नेपाल के सिविल सेवा कानून में अभी वेतन महीने में एक बार देने का ही प्रावधान है। इसलिए नए नियम को लागू करने से पहले कानून में संशोधन जरूरी हो सकता है।