पाकिस्तान की शिया मस्जिद में आत्मघाती धमाका: 31 की मौत, 170 घायल; अस्पतालों में मची चीख-पुकार

Pakistan Mosque Suicide Blast: इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान धमाका हो गया. 31 लोगों के मारे जाने की खबर है. इस्लामाबाद में इमरजेंसी लागू कर दी गई है.

पाकिस्तान की शिया मस्जिद में आत्मघाती धमाका- फोटो : news 4 nation

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक बार फिर आतंकी हमले से दहल उठी है। शुक्रवार को शिया मस्जिद 'कस्र ए खदीजतुल कुब्रा' में जुमे की नमाज के दौरान एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया। इस भीषण विस्फोट में अब तक कम से कम 31 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 170 से अधिक लोग घायल हैं। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद परिसर में भारी नुकसान हुआ है और मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

इमरजेंसी लागू और राहत बचाव कार्य तेज

धमाके के तुरंत बाद पूरे इस्लामाबाद में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। सुरक्षा बलों ने मस्जिद के आसपास के इलाके को चारों ओर से घेर लिया है और चप्पे-चप्पे पर तलाशी ली जा रही है। घायलों को इलाज के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (PIMS) और CDA अस्पताल में भर्ती कराया गया है। PIMS के प्रवक्ता के अनुसार, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बर्न सेंटर, न्यूरोलॉजी और ऑर्थोपेडिक विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि घायलों को तुरंत विशेषज्ञ इलाज मिल सके।

सुरक्षा में चूक और पुराना इतिहास

रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर ने मस्जिद के प्रवेश द्वार पर ही विस्फोट कर दिया। हालांकि अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। गौरतलब है कि करीब तीन महीने पहले (नवंबर 2025) भी इस्लामाबाद के कोर्ट परिसर में आत्मघाती हमला हुआ था। पाकिस्तान अक्सर ऐसी घटनाओं के लिए भारत पर आरोप मढ़ने की कोशिश करता है, जिसे भारतीय विदेश मंत्रालय ने सिरे से खारिज करते हुए इसे पाकिस्तान की अपनी आंतरिक अस्थिरता और विफलता से ध्यान भटकाने की रणनीति बताया है।