Train Accident: भीषण ट्रेन हादसे में 14 की मौत, 84 घायल, दो ट्रेनों के बीच जबरदस्त टक्कर

Train Accident: दो ट्रेनों की आपस में जोरदार टक्कर से 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना में 84 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

ट्रेन हादसे में 14 की मौत- फोटो : social media

Train Accident: भीषण ट्रेन हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। जबकि 84 लोग घायल हैं। दो ट्रेनों की टक्कर में यह हादसा हुआ है। हादसा आज सुबह की बताई जा रही है। जकार्ता के बाहरी इलाके में मंगलवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। जहां दो ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर में कम से कम 14 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 84 अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 

14 लोगों की मौत की पुष्टि 

अस्पताल रिकॉर्ड के मुताबिक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक कम्यूटर लाइन ट्रेन ट्रैक पर खड़ी थी और पूर्व दिशा की ओर जाने वाली थी। इसी दौरान पश्चिम दिशा से आ रही एक लंबी दूरी की डीजल ट्रेन उसी ट्रैक पर पहुंच गई और दोनों ट्रेनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

बेकासी तिमुर स्टेशन के पास हुआ हादसा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह दुर्घटना बेकासी तिमुर स्टेशन के पास हुई, जो जकार्ता से करीब 25 किलोमीटर दूर है। हादसे के बाद सेना, दमकल विभाग और राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू किया।

यात्रियों ने बताई भयावह स्थिति

घटनास्थल पर मौजूद एक यात्री के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कम्यूटर ट्रेन का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद अधिकारियों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।