कॉमेडियन यश महेश्वरी की बढ़ी मुश्किलें, बिहार की महिलाओं और छठ पर आपत्तिजनक टिप्पणी में दिल्ली में भी FIR दर्ज
Morally Questionable' नाम के इस वीडियो में कथित तौर पर बिहार की महिलाओं, उनके पारिवारिक जीवन और छठ पूजा के दौरान विवाहित महिलाओं द्वारा लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं।
Bihar News : बिहार की महिलाओं और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन यश महेश्वरी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इस मामले में अब दिल्ली पुलिस ने भी प्राथमिकी दर्ज की है। दक्षिण दिल्ली के साकेत थाने में दर्ज एफआईआर में महिलाओं की गरिमा और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर शिकायत की गई है। इससे पहले बिहार की राजधानी पटना में भी कॉमेडियन के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 24 अक्टूबर को दक्षिण दिल्ली के साकेत स्थित एक कॉमेडी क्लब में आयोजित स्टैंडअप कार्यक्रम के दौरान बिहार की महिलाओं और छठ पूजा से जुड़ी परंपराओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। शिकायतकर्ता ने कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच करने की मांग की है।
दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 196, 296 और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं में महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने, विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने, अश्लील कृत्य और शांति भंग करने के इरादे से अपमान करने जैसे आरोपों से संबंधित प्रावधान शामिल हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
'Morally Questionable' वीडियो से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, स्टैंडअप कॉमेडियन यश महेश्वरी का एक कार्यक्रम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। 'Morally Questionable' नाम के इस वीडियो में कथित तौर पर बिहार की महिलाओं, उनके पारिवारिक जीवन और छठ पूजा के दौरान विवाहित महिलाओं द्वारा लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। वीडियो के अंश वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की।
पटना में भी दर्ज हो चुकी है FIR, मांगी थी माफी
इस विवाद के बाद 24 नवंबर को पटना साइबर थाना में भी यश महेश्वरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें BNS की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। बिहार राज्य महिला आयोग ने भी मामले पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
विवाद बढ़ने के बाद यश महेश्वरी ने 24 नवंबर को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उन्होंने स्वीकार किया था कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। हालांकि, उनकी माफी के बावजूद कानूनी कार्रवाई का सिलसिला जारी है।