Patna Crime: पटना में तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग, युवक के सिर में लगी गोली, हालत नाजुक

Patna Crime: एक तिलक समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। ...

Patna Tilak Ceremony Firing
युवक के सिर में लगी गोली- फोटो : reporter

Patna Crime:  पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र के महजपुरा गांव में बुधवार की देर रात एक तिलक समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। समारोह में बार बालाओं के नाच और शराब पार्टी के बीच देशी कट्टे से की गई फायरिंग में 27 वर्षीय युवक संटु कुमार के सिर में गोली लग गई। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को पटना एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

घायल की पहचान महजपुरा गांव निवासी सुरेंद्र साव के पुत्र संटु कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूर है और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। इस हादसे ने उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। परिजनों के मुताबिक, संटु पहले से एक बेटे का पिता था। महज दो महीने पहले ही उसके घर जुड़वा बच्चों ने जन्म लिया था। परिवार में नन्हे बच्चों के आने से खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात गांव के ही दिलीप सिंह के घर तिलक समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में मेहमानों के मनोरंजन के लिए बार बालाओं के नृत्य का इंतजाम किया गया था। आरोप है कि देर रात तक शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान कुछ युवक देशी कट्टे से हर्ष फायरिंग करने लगे। इसी बीच नाच देख रहे संटु कुमार को गोली लग गई। हालांकि, गोली चलाने वाले की पहचान और घटना की वास्तविक परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

गोली चलने की आवाज सुनते ही समारोह में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों के बीच फायरिंग करने वाले व्यक्ति को लेकर चर्चाएं हैं, लेकिन कोई भी खुलकर सामने आने को तैयार नहीं है।

सूचना मिलने पर बिक्रम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और गोली चलाने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर शादी-विवाह और मांगलिक आयोजनों में हथियारों के खुलेआम इस्तेमाल तथा हर्ष फायरिंग पर रोक लगाने की जरूरत को उजागर कर दिया है।

विक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट