Jharkhand News:झारखंड में सियासी मातम, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मंत्री सुदिव्य सोनू का हार्ट अटैक से निधन

Jharkhand News: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का निधन हो गया।...

Minister Sudivya Sonu Dies
मंत्री का हार्ट अटैक से निधन- फोटो : social Media

Jharkhand News: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा  के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात निधन हो गया। गिरिडीह स्थित अपने आवास पर सोने जाने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल गिरिडीह के निजी मर्सी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

मर्सी हॉस्पिटल में इलाज करने वाले डॉक्टर के अनुसार, मंत्री को रात करीब 2:15 बजे अस्पताल लाया गया था। उन्हें छाती में तेज दर्द था। डॉक्टर ने बताया कि दर्द के दौरान उन्हें उल्टी हुई, जिसका कुछ हिस्सा फेफड़ों में चला गया था। तत्काल उनकी सांस की नली साफ कर इलाज शुरू किया गया।

इसके बाद ईसीजी की गई, जिसमें हार्ट अटैक के संकेत मिले। उनका ब्लड प्रेशर भी रिकॉर्ड नहीं हो पा रहा था। चिकित्सकों ने सीपीआर समेत तमाम जरूरी चिकित्सकीय प्रयास किए, लेकिन करीब 10 से 15 मिनट के भीतर उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई। सुबह करीब 4 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताया गया है कि उन्हें पहले से ब्लड प्रेशर और शुगर की शिकायत थी।

मंत्री का पार्थिव शरीर अस्पताल से उनके गिरिडीह स्थित आवास ले जाया गया। उनका अंतिम संस्कार गृह क्षेत्र गिरिडीह में ही किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दोपहर करीब 12 बजे गिरिडीह पहुंचने की जानकारी दी गई है।

सुदिव्य सोनू के निधन के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने सभी प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के गिरिडीह पहुंचने की संभावना है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शोक व्यक्त करते हुए जीवन की अनिश्चितता और अपने साथी को खोने के दर्द को साझा किया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा शोक जताया है।