आधी रात को वीडियो कॉल, जबरन डांस और 'प्रणाम महोदय' का फरमान... रैगिंग करने वाले 38 MBBS छात्रों पर गिरी गाज

एंटी-रैगिंग सेल की जांच में सामने आया कि सीनियर छात्र रात 12 बजे से दो बजे के बीच जूनियर छात्रों को परेशान करते थे। उन्हें वीडियो कॉल करके नींद से जगाया जाता था और रात में जबरन डांस करने के लिए कहा जाता था।

KGMU Ragging Case
KGMU Ragging Case- फोटो : news4nation

मेडिकल कॉलेजों में अनुशासन और बेहतर शिक्षा की उम्मीद लेकर आने वाले जूनियर छात्रों को अगर आधी रात में वीडियो कॉल करके जगाया जाए, जबरन डांस कराया जाए और सीनियर के सामने सिर झुकाकर 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' बोलने के लिए मजबूर किया जाए, तो इसे अनुशासन नहीं बल्कि उत्पीड़न ही कहा जाएगा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग का ऐसा ही मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच के बाद 38 MBBS छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।


दोषी पाए गए छात्रों को तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और एक साल तक उनकी छात्रवृत्ति रोकने का फैसला लिया गया है। सभी संबंधित छात्रों को हॉस्टल से भी बाहर कर दिया गया है।


रात दो बजे तक छात्रों को परेशान 

एंटी-रैगिंग सेल की जांच में सामने आया कि सीनियर छात्र रात 12 बजे से दो बजे के बीच जूनियर छात्रों को परेशान करते थे। उन्हें वीडियो कॉल करके नींद से जगाया जाता था और रात में जबरन डांस करने के लिए कहा जाता था। जो छात्र इसका विरोध करते थे, उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाता था।  जूनियर छात्रों को सीनियर के सामने सिर झुकाकर 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' कहने के लिए भी मजबूर किया जाता था। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया था।


वीडियो सामने आने के बाद शुरू हुई जांच

दरअसल, 16 नवंबर को KGMU कैंपस का एक वीडियो सामने आया था। इसमें MBBS के जूनियर छात्र कतार में खड़े होकर सीनियर छात्रों के सामने सिर झुकाते और उन्हें प्रणाम करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। शुरुआत में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इसे रैगिंग मानने से इनकार किया गया, लेकिन मामला बढ़ने पर एंटी-रैगिंग सेल ने जांच शुरू की। जांच रिपोर्ट 19 नवंबर को कमेटी के सामने रखी गई। इसके बाद कुलपति की मंजूरी मिलने पर 26 नवंबर को कार्रवाई का आदेश जारी किया गया।


2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्र दोषी

जांच में MBBS 2025 बैच के 36 छात्र रैगिंग में शामिल पाए गए। वहीं, 2026 बैच के दो जूनियर छात्रों की भूमिका भी इस मामले में मददगार के रूप में सामने आई। कुल 38 छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।


KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि जूनियर छात्रों को डराने, धमकाने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि रैगिंग से जुड़ी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल एंटी-रैगिंग कमेटी या विश्वविद्यालय प्रशासन को दें।


विश्वविद्यालय प्रशासन की इस कार्रवाई ने एक बार फिर मेडिकल संस्थानों में रैगिंग और जूनियर छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।