Bihar News : अररिया में कार की चपेट में आने से ढाई साल के बच्चे की हुई मौत, बवाल के दौरान लोगों ने पुलिस वैन में लगाई आग, चार पुलिसकर्मी हुए जख्मी
Bihar News : अररिया में नेपाल बॉर्डर से सटे बसमतिया थाना क्षेत्र के मंसूरी टोला में बीती रात कार की चपेट में आने से एक ढ़ाई साल के बच्चे की मौत हो गयी. जिसके बाद लोगों ने जमकर बवाल काटा.....पढ़िए आगे
ARARIA : जिले में नेपाल सीमा से सटे बसमतिया थाना क्षेत्र के भैरोगंज गांव स्थित मंसूरी टोला में बीती रात एक कार की चपेट में आने से ढाई वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हादसे के तुरंत बाद कार चालक ने भीड़ के गुस्से से बचने के लिए एक स्थानीय दुकान में छिपकर खुद को बचाने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित ग्रामीणों ने दुकान में छिपे चालक को पकड़ लिया और उसे बंधक बना लिया। देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और भीड़ ने कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जब स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो उग्र ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुई इस पत्थरबाजी में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनके सिर में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने एक पुलिस वैन में जमकर तोड़फोड़ की और फिर उसे आग के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को संभालने के लिए कार्रवाई तेज की। एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने सूझबूझ और कार्रवाई करते हुए बंधक बनाए गए कार चालक को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त करा लिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पथराव में घायल हुए चारों पुलिसकर्मियों के सिर में चोट आई है और उनका इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल बसमतिया थाना क्षेत्र के भैरोगंज गांव स्थित मंसूरी टोला में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। एसपी जितेंद्र कुमार के अनुसार, पुलिस वैन में तोड़फोड़ व आगजनी तथा पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मंटू भगत की रिपोर्ट