पटना के रिजॉर्ट में बर्थडे पार्टी के दौरान हंगामा, तीन थानों की पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई; डांसर समेत 10 नशे में मिले

पटना के श्रीकृष्णापुरी स्थित एक रिजॉर्ट में चल रही बर्थडे पार्टी में तीन थानों की पुलिस ने छापेमारी की। ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद एक महिला डांसर समेत 10 को गिरफ्तार किया गया है।मौके से शराब की बोतलें और हथियार भी मिले

Patna police raid birthday party resort
पटना के रिजॉर्ट में पुलिस की रेड:नशे की हालत में 10 लोग गिरफ्तार- फोटो : news 4 nation

पटना के श्रीकृष्णापुरी इलाके में गेट नंबर 31 स्थित एक रिजॉर्ट में चल रही बर्थडे पार्टी में पुलिस ने छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। सूचना मिली थी कि पार्टी में हथियार और शराब के साथ अपराधी प्रवृत्ति के लोग मौजूद हैं और वहां डांस भी चल रहा है।


तीन थानों की पुलिस की घेराबंदी और जांच

सूचना मिलते ही श्रीकृष्णापुरी के साथ बुद्धा कॉलोनी और पाटलिपुत्र थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और रिजॉर्ट की घेराबंदी कर तलाशी ली। ब्रेथ एनालाइजर से की गई जांच में 10 लोग शराब के नशे में पाए गए।


शराब और हथियारों की बरामदगी

मौके से अलग-अलग ब्रांड की चार बोतल शराब बरामद की गई और दो हथियार भी मिले। पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों के लाइसेंस का सत्यापन किया गया, जो वैध पाए गए।


जन्मदिन पार्टी, डांसर और पुलिस कार्रवाई

जांच में सामने आया कि राजू नामक युवक के जन्मदिन पर यह पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें दो डांसर भी मौजूद थीं। पुलिस पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई और भागने की कोशिश कर रहे लोगों को पकड़ लिया गया। नशे में मिली एक डांसर को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है, जबकि पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार की मौजूदगी में किया गया।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट