Bihar News : पूर्णिया विश्वविद्यालय के 20 हजार छात्रों के रिजल्ट विवाद पर गांधीगिरी अंदाज में प्रदर्शन, कुलपति ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन

Bihar News : पूर्णिया विश्वविद्यालय छात्र संघ के नेताओं द्वारा आज गांधीगिरी के माध्यम से छात्र हित में कुलपति से मिलकर अपनी बातें रखी.....पढ़िए आगे

Bihar News : पूर्णिया विश्वविद्यालय के 20 हजार छात्रों के रि
रिजल्ट विवाद को लेकर प्रदर्शन - फोटो : ANKIT

PURNEA : पूर्णिया विश्वविद्यालय छात्र संघ के नेताओं ने आज गांधीगिरी के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान 20 हजार छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया। छात्र नेता आलोक राज और पीयूष पुजारा ने अनोखे अंदाज में गांधी जी की प्रतिमा से दंड प्रणाम करते हुए कुलपति से मुलाकात की और छात्र हित में अपनी मांगें रखीं। इस पूरे मामले पर कुलपति ने संज्ञान लेते हुए एक कमेटी गठित करने और जल्द से जल्द उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।

छात्र नेता आलोक राज के अनुसार, करीब 20 हजार छात्रों के परीक्षा परिणामों पर लाल कलम लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग की ओर से लगातार यह कहा जा रहा है कि इन विद्यार्थियों को न तो फेल माना गया है और न ही पास। इस अस्पष्ट स्थिति के कारण हजारों छात्र शैक्षणिक और करियर संबंधी अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं।

आलोक राज ने यह भी कहा कि प्रभावित 20 हजार विद्यार्थियों में बड़ी संख्या ऐसे छात्रों की है, जिन्होंने सरकारी सेवा की परीक्षाएं उत्तीर्ण कर ली हैं। हालांकि, दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए जब उनका रिकॉर्ड विश्वविद्यालय भेजा जाता है, तो परिणाम पर टिप्पणी अंकित कर भेज दिया जाता है, जिसके चलते योग्य अभ्यर्थी सरकारी नौकरी पाने से वंचित रह जाते हैं।

छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन इन छात्रों की समस्या का स्थायी और संतोषजनक समाधान नहीं करता, तब तक गांधीगिरी के माध्यम से उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं, छात्रों की मांग और गंभीर स्थिति को देखते हुए कुलपति ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने सभी मामलों की जांच और समीक्षा के लिए एक कमेटी के गठन का आदेश पारित किया है, ताकि लाल कलम लगे परीक्षा परिणामों की समस्या का जल्द से जल्द निदान किया जा सके।

अंकित की रिपोर्ट