Bihar News : औरंगाबाद में कलयुगी चाची ने रिश्ते को किया शर्मसार, पारिवारिक विवाद में मासूम भतीजे को नहर में फेंका, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : औरंगाबाद के दाउदनगर थाना क्षेत्र के गंगा बिगहा गांव में एक कलयुगी चाची ने अपने भैसुर और जेठानी से प्रतिशोध लेने की नीयत से अपने दो साल के मासूम भतीजे की हत्या कर दी......पढ़िए आगे

Bihar News : औरंगाबाद में कलयुगी चाची ने रिश्ते को किया शर्म
कलयुगी चाची की करतूत - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : औरंगाबाद में अपने भैसुर की प्रतिशोध में एक कलयुगी चाची ने अपने दो साल के मासूम भतीजे को नहर में फेंक दिया। हालांकि पुलिस ने शव बरामद करने के बाद कलयुगी चाची को भी दबोच लिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। घटना औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के गंगा बिगहा गांव की है।  

चाची ही निकली भतीजे का कातिल 

दाउदनगर पुलिस के मुताबिक पारिवारिक विवाद और भैसुर के प्रति प्रतिशोध की भावना में गंगा बिगहा निवासी जयप्रकाश यादव की पत्नी नीतू कुमारी ने अपने दो साल के मासूम भतीजे को नहर में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चे का शव आज सुबह घर के बगल स्थित नहर से बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया 

घटना के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार ने  बताया कि गंगा बिगहा निवासी विकास यादव की पत्नी संगीता देवी ने कल अपने दो वर्षीय पुत्र भोला कुमार उर्फ प्रिंस कुमार के गायब होने को लेकर दाउदनगर थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर कांड संख्या 675/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस कप्तान के  निर्देश पर दाउदनगर एसडीपीओ चंद्रभूषण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई।  एसआइटी के टीम ने स्थानीय स्तर पर छानबीन के साथ तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की।

आरोपी चाची गिरफ्तार 

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गंगा बिगहा निवासी नीतू कुमारी(25) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था और  हिरासती पूछताछ के दौरान महिला ने बच्चे को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित महिला मासूम की सगी चाची है। पुलिस के समक्ष आरोपी चाची ने स्वीकार किया कि उसके पति जयप्रकाश यादव को जेठ विकास यादव और जेठानी संगीता देवी मिलकर उसके खिलाफ भड़काते थे। इस कारण पति उसे हमेशा मारते-पिटते रहता था। इस कारण वह अपने पति और जेठ-जेठानी के प्रति प्रतिशोध की भावना रखती थी। प्रतिशोध में ही उसने अपने जेठ के पुत्र भोला कुमार उर्फ प्रिंस कुमार को गोद में लेकर घर के पास स्थित नहर में फेंक आई। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में पुलिस ने आरोपित महिला को जेल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई  है।

दीनानाथ की रिपोर्ट