Special Train : त्योहारों को लेकर कोलकाता-प्रतापनगर के बीच स्पेशल ट्रेन का होगा परिचालन, गया, सासाराम और औरंगाबाद के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
Special Train :दुर्गापूजा, दीपावली और बिहार के लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष इंतजाम किया है।
AURANAGABAD : दुर्गापूजा, दीपावली 8 नवंबर और लोक आस्था का महापर्व चारदिवसीय छठ 12 नवंबर से 16 नवंबर को है। ऐसे में बाहर जो लोग रहते है उन्हें अपने घर आने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जो लोग पर्व में अगर आते भी है तो ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिलने के कारण जेनरल बोगी में खड़े होकर आना पड़ता है। भीड़ हो भी क्यों नहीं बिहार का छठ पर्व मशहूर जो है और सबसे बड़ा पर्व यानी महापर्व है। ऐसे में पर्व को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों को कोलकाता से प्रतापनगर के लिए चलवाई है। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए कोलकाता और प्रतापनगर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है। ट्रेन संख्या 03109/03110 कोलकाता-प्रतापनगर-कोलकाता विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में सात-सात फेरे लगाएगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से बिहार के गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर समेत आसपास के जिलों के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली वेटिंग लिस्ट के बीच यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 03109 कोलकाता-प्रतापनगर स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को कोलकाता से रवाना होगी। इसके फेरे 13, 20, 27 अक्टूबर तथा 3, 10, 17 और 24 नवंबर को निर्धारित हैं। ट्रेन सुबह 8 बजे कोलकाता से खुलेगी और शाम 5:55 बजे गया, 6:45 बजे अनुग्रह नारायण रोड, 7:03 बजे डेहरी-ऑन-सोन, 7:20 बजे सासाराम, 7:53 बजे भभुआ रोड और रात 9:20 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन रात 11:40 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 03110 प्रतापनगर-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। इसके फेरे 15, 22, 29 अक्टूबर तथा 5, 12, 19 और 26 नवंबर को होंगे।यह ट्रेन शाम 4:15 बजे प्रतापनगर से रवाना होगी। अगले दिन रात 8:45 बजे DDU जंक्शन, 9:38 बजे भभुआ रोड, 10:15 बजे सासाराम, 10:32 बजे डेहरी-ऑन-सोन, 10:50 बजे अनुग्रह नारायण रोड और 11:50 बजे गया पहुंचेगी। इसके अगले दिन दोपहर 12:05 बजे कोलकाता पहुंचने का समय निर्धारित है।रेलवे के मुताबिक स्पेशल ट्रेन का ठहराव मार्ग में दुर्गापुर, आसनसोल, जसीडीह, नवादा, प्रयागराज, गोविंदपुरी, टूंडला, गंगापुर, कोटा, रतलाम और वडोदरा समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इससे बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा।
त्योहारी भीड़ को देखते हुए ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए है। इनमें 4 एसी थ्री-टियर, 10 स्लीपर, 6 साधारण श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं।रेलवे का यह कदम त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले यात्री दबाव को कम करने के साथ-साथ नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट से परेशान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प देने वाला है। खासकर छठ के मौके पर बिहार लौटने वाले यात्रियों के लिए इस ट्रेन का परिचालन काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
औरंगाबाद बिहार से दीनानाथ का रिपोर्ट