Aurangabad DM: 90 साल की बुजुर्ग को सीढ़ियों पर देख चैंबर से बाहर आईं DM अभिलाषा शर्मा, भावुक हुआ माहौल

Aurangabad DM: औरंगाबाद में 90 वर्षीय देवबदन देवी जमीन विवाद की शिकायत लेकर जनता दरबार पहुंचीं। सीढ़ियां नहीं चढ़ पाने पर DM अभिलाषा शर्मा खुद नीचे आकर उनसे मिलीं और अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।

Aurangabad DM

Aurangabad DM: बिहार के औरंगाबाद समाहरणालय में जनता दरबार के दौरान मानवीय संवेदना की एक तस्वीर सामने आई। 90 साल की बुजुर्ग महिला देवबदन देवी उम्र के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ पा रही थीं। वह अपने पति के साथ नीचे बरामदे में बैठकर जिलाधिकारी से मिलने का इंतजार कर रही थीं। इसकी जानकारी मिलते ही DM अभिलाषा शर्मा खुद अपने चैंबर से बाहर निकलीं और बुजुर्ग दंपति से मिलने नीचे पहुंच गईं।


बुजुर्ग महिला को रोता देख DM ने दिया भरोसा


यह जनता दरबार सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ पहल के अंतर्गत लगाया गया था। DM से मिलते ही देवबदन देवी अपनी परेशानी बताते हुए रो पड़ीं। बुजुर्ग महिला को भावुक देखकर जिलाधिकारी ने उन्हें सांत्वना दी और उनकी शिकायत सुनी।


बड़े बेटे पर जमीन अपने बेटे के नाम कराने का आरोप


देवबदन देवी औरंगाबाद जिले के दाउदनगर क्षेत्र के सोनवर्षा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने मायके की जमीन उन्हें दान में दी थी। उनके दो बेटे हैं और वह चाहती थीं कि दोनों को बराबर हिस्सा मिले। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि उनके बड़े बेटे ने पूरी जमीन अपने बेटे के नाम करा दी और दाखिल-खारिज भी करवा लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह जीवित हैं, तो उनकी जमीन उनके रहते दूसरे के नाम कैसे कर दी गई। देवबदन देवी ने बताया कि DM ने उनकी शिकायत सुनकर न्याय मिलने का भरोसा दिया है। उन्हें उम्मीद है कि उनके साथ न्याय होगा।


DM ने अधिकारियों को दिए जांच के निर्देश


जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायत की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने परिवाद का गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समय के भीतर निपटारा करने को कहा। अब इस मामले में संबंधित अधिकारियों की जांच और कार्रवाई पर बुजुर्ग महिला की उम्मीदें टिकी हैं।

औरंगाबाद बिहार से दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट