Bihar News : एयर एम्बुलेंस हादसे में औरंगाबाद के लाल डॉ. विकास का निधन, पैतृक गाँव में गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
Bihar News : चतरा में हुए एयर एम्बुलेंस हादसे में औरंगाबाद के लाल डॉ विकास का निधन हो गया. उनके पैतृक गाँव में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया......पढ़िए आगे
AURANGABAD : झारखंड के चतरा जंगलों में सोमवार की रात हुए एक भीषण एयर एम्बुलेंस हादसे ने औरंगाबाद जिले को गहरे शोक में डुबो दिया है। मदनपुर प्रखंड के मनिका बाजार निवासी बजरंगी प्रसाद के पुत्र डॉ. विकास कुमार गुप्ता की इस दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डॉ. विकास एक मरीज संजय कुमार को रांची से दिल्ली ले जा रहे थे, तभी तकनीकी खराबी के कारण चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। इस हादसे में चिकित्सक और मरीज समेत कुल सात लोगों की जान चली गई।
शानदार करियर और सेवा भाव
डॉ. विकास कुमार गुप्ता का करियर बेहद मेधावी और सेवा से भरा रहा। उनके छोटे भाई सुभाष कुमार गुप्ता ने बताया कि विकास ने वर्ष 2014 में महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से अपनी सेवा शुरू की थी, जहाँ उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए उन्हें प्रभारी बना दिया गया था। इसके बाद उन्होंने चंदवा और नामकुम में भी अपनी सेवाएँ दीं। पिछले तीन वर्षों से वे रांची सदर अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ (Anesthesia Specialist) के पद पर तैनात थे और अपनी कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
डॉ. विकास के आकस्मिक निधन से उनका परिवार बिखर गया है। उनकी शादी वर्ष 2016 में मिन्नी गुप्ता के साथ हुई थी, जो वर्तमान में एसबीआई अंचल कार्यालय में कार्यरत हैं। उनका एक आठ वर्षीय पुत्र मुहूल कुमार गुप्ता है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। ग्रामीणों ने बताया कि डॉ. विकास बेहद सरल और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। वे पिछली छठ पूजा में गाँव आए थे और सबके साथ मिलकर त्यौहार मनाया था, किसी ने नहीं सोचा था कि वह उनकी आखिरी मुलाकात होगी।
गाँव के 'गौरव' को नम आँखों से विदाई
डॉ. विकास कुमार गुप्ता का पार्थिव शरीर पैतृक निवास पहुँचते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। मंगलवार शाम शहर के नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। माहौल तब और गमगीन हो गया जब उनके आठ वर्षीय मासूम बेटे मुहूल ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई देने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े, जिनकी आँखों में अपने गाँव के 'गौरव' को खोने का दुख साफ झलक रहा था।
दिग्गज नेताओं ने जताया शोक
दाह संस्कार के दौरान पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह सहित कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूर्व सांसद ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. विकास केवल एक चिकित्सक नहीं बल्कि जिले के गौरव थे और उनका इस तरह जाना पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस मौके पर भाजपा जिला प्रवक्ता संतोष गुप्ता, जदयू नेता धर्मेंद्र मेहता और कई स्थानीय मुखियाओं ने भी अपनी संवेदनाएँ प्रकट कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
दीनानाथ की रिपोर्ट