Bihar News : भोजपुरी गायक गणेश यादव के गाने पर बिहार में मचा बवाल, नाई समाज ने निकाला आक्रोश मार्च, पुलिस से गिरफ्तारी की मांग

Bihar News : भोजपुरी गायक गणेश यादव के एक नए विवादित गाने को लेकर पूरे बिहार में आक्रोश की लहर फैल गई है। इसी कड़ी में नई समाज के लोगों ने आक्रोश मार्च निकाला.......पढ़िए आगे

Bihar News : भोजपुरी गायक गणेश यादव के गाने पर बिहार में मचा
नाई समाज में आक्रोश - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : बिहार के भोजपुरी सिंगर गणेश यादव के एक गाने को लेकर पूरे बिहार में बवाल मच गया है। गाने में नाई समाज पर कथित तौर पर जातिसूचक और अश्लील टिप्पणी किए जाने से समाज के लोगों में भारी आक्रोश है। औरंगाबाद जिले के सभी प्रखंडों में नाई समाज के लोगों ने आक्रोश मार्च निकालकर जमकर नारेबाजी की। औरंगाबाद मुख्यालय में निकले आक्रोश मार्च के दौरान समाज के लोगों ने "कर्पूरी ठाकुर अमर रहें" के नारे लगाए और विरोध जताया।

हसपुरा में हुई प्रखंड स्तरीय बैठक

इसी क्रम में हसपुरा हाईस्कूल के समीप स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल पुस्तकालय के सभाकक्ष में नाई समाज संघ की प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्यों ने आरोप लगाया कि गायक गणेश यादव उर्फ गणेश लाजबाब द्वारा गाए गए गीत में नाई समाज के पारंपरिक पेशे का मजाक उड़ाया गया है और समाज की बेटियों के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

नाई संघ के सदस्यों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित गायक को तत्काल गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए और उस अश्लील गीत को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाया जाए। समाज के लोगों का कहना है कि ऐसे गीत सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ते हैं। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो नाई समाज पूरे बिहार में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।

समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं

बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष राजू कुमार ने कहा कि "नाई समाज कर्पूरी ठाकुर और भोजपुरी के शेक्सपियर कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर की परंपरा का वाहक है। समाज पर अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।" बैठक के बाद समाज के लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में नाई समाज के लोग उपस्थित थे।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट