मंत्री श्रेयसी सिंह पहुंची औरंगाबाद : संकल्प यात्रा की दी जानकारी, बताया मुख्यमंत्री भी होगे शामिल
Aurangabad : बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने औरंगाबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीजेपी की बहुप्रतीक्षित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक आयोजित होने वाली यह ‘सेवा संकल्प यात्रा’ आगामी 5 अक्टूबर को बिहार में प्रवेश करेगी।
कुटुंबा के संडा गांव से बिहार की सीमा में दाखिल होगी यात्रा
यह यात्रा औरंगाबाद जिले के कुटुंबा प्रखंड स्थित ऐतिहासिक संडा गांव के रास्ते बिहार में दाखिल होगी। यात्रा के बिहार आगमन को लेकर संडा और हरिहरगंज क्षेत्र में भव्य स्वागत की जोरदार तैयारियां चल रही हैं, जिसमें पार्टी के कई प्रदेश स्तरीय नेता और स्थानीय कार्यकर्ता अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शामिल होने की प्रबल संभावना
इस महत्वपूर्ण यात्रा और स्वागत कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भी शामिल होने की पूरी संभावना जताई जा रही है। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन को लेकर अपनी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं और आम जनता से भी बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की है।
स्वास्थ्य शिविर, महिला संवाद और स्वच्छता अभियान का होगा आयोजन
औरंगाबाद प्रवास के दौरान इस यात्रा के माध्यम से कई जनहित और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें लोगों की स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल कैंप, महिलाओं के सशक्तिकरण और मुद्दों पर चर्चा के लिए ‘महिला संवाद’, तथा स्वच्छता अभियान के जरिए लोगों को जागरूक करने जैसे कार्यक्रम मुख्य रूप से शामिल हैं।
रोहतास होते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी की ओर बढ़ेगी यात्रा
औरंगाबाद में निर्धारित कार्यक्रमों के संपन्न होने के बाद ‘सेवा संकल्प यात्रा’ आगे रोहतास जिले की ओर रवाना होगी, जहाँ स्थानीय लोगों द्वारा इसका स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत यह यात्रा उत्तर प्रदेश के वाराणसी के लिए आगे बढ़ेगी। बीजेपी नेताओं का मानना है कि यह यात्रा जनसंवाद, सेवा और संगठन के संकल्प को और अधिक मजबूत करेगी (रिपोर्ट: दीनाथ)।
दीनानाथ की रिपोर्ट