औरंगाबाद में मेडिकल कॉलेज निर्माण का रास्ता साफ: देव पातालगंगा ट्रस्ट ने दान दी 20 एकड़ जमीन, रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी
Aurangabad : जिले में लंबे समय से राजनीतिक दांव-पेच और भूमि आवंटन के पेंच में फंसा मेडिकल कॉलेज निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। देव क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए 'देव पातालगंगा ट्रस्ट' ने 20 एकड़ भूमि बिहार सरकार को दान में दे दी है। इस ऐतिहासिक कदम से स्थानीय लोगों में काफी खुशी और उत्साह का माहौल है।
जिला निबंधन कार्यालय में पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया
बुधवार को जिला निबंधन कार्यालय, औरंगाबाद स्थित जिला अवर निबंधक-सह-विशेष विवाह पदाधिकारी के कार्यालय में भूमि दान की सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गईं। पातालगंगा ट्रस्ट, देव के पूज्य महंत आदित्य ब्रह्मचारी जी एवं ट्रस्ट कमेटी के सम्मानित सदस्यों ने आधिकारिक रूप से बिहार सरकार के नाम 20 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री (दान पत्र) सौंपी।
औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने जताया आभार
इस जनहितकारी पहल पर औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने पातालगंगा ट्रस्ट और महंत आदित्य ब्रह्मचारी जी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद और आसपास के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को अब आधुनिक और उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा।
मेडिकल कॉलेज बनने से मेडिकल शिक्षा की पढ़ाई कर रहे युवाओं के लिए रास्ते खुलेंगे और स्थानीय स्तर पर व्यापक रोजगार व क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा।
विधायक ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा किया गया यह भू-दान आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और क्षेत्र की प्रगति के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
दीनानाथ की रिपोर्ट