Bihar Crime : औरंगाबाद में पीयूष हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, चाची से बदसलूकी का बदला लेने के लिए चार किशोरों ने रची थी मौत की साजिश

Bihar Crime : औरंगाबाद में पीयूष हत्याकांड का 10 दिनों में पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में चार किशोरों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है......पढ़िए आगे

Bihar Crime : औरंगाबाद में पीयूष हत्याकांड का पुलिस ने किया
पियूष हत्याकांड का खुलासा - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : जिले की नवीनगर थाना पुलिस ने पीयूष कुमार हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए इस मामले में संलिप्त चार नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पुलिस ने पकड़े गए किशोरों की निशानदेही पर घटनास्थल से 25 किलोमीटर दूर बटाने नदी से मृतक के मोबाइल का जला हुआ अवशेष और पांच अन्य मोबाइल भी बरामद किए हैं।

दोस्त की चाची से बदसलूकी बनी हत्या की वजह

सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि हत्या के पीछे प्रतिशोध की भावना थी। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पीयूष ने गांव के ही एक किशोर की चाची के साथ बदसलूकी की थी। जब चाची ने यह बात अपने भतीजे को बताई, तो उसने अपने अन्य तीन दोस्तों के साथ मिलकर पीयूष को रास्ते से हटाने की साजिश रची। ये चारों किशोर आपस में दोस्त हैं और औरंगाबाद में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करते थे।

पार्टी के बहाने बुलाकर गला घोंटा

साजिश के तहत 28 अप्रैल को व्हाट्सएप चैट के जरिए पीयूष को नबीनगर स्टेशन के पास पार्टी करने के बहाने बुलाया गया। वहां से उसे दो बाइकों पर बिठाकर दिग्धी के समीप पोखराही रेलवे अंडरब्रिज के पास ले जाया गया। आरोपियों ने बताया कि वहां सभी ने पहले गांजा पिया। पीयूष पहले से ही नशे की हालत में था, जिसका फायदा उठाकर चारों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

साक्ष्य मिटाने के लिए फेंके मोबाइल और कपड़े

वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक का मोबाइल, घड़ी और जूते अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए। जिस नाबालिग ने पीयूष को बुलाया था, उसने अपना फोन तोड़कर जला दिया था। 2 मई को पीयूष का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान उसके जींस और जूतों के आधार पर की गई थी।

वैज्ञानिक अनुसंधान से पकड़े गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अम्बरीष राहुल के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, डॉग स्क्वायड, एफएसएल की रिपोर्ट और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर छापेमारी कर चारों विधि-विरुद्ध बालकों को पकड़ लिया। पकड़े गए किशोरों में दो नवीनगर के, एक दाउदनगर और एक पौथू थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।  

दीनानाथ की रिपोर्ट