Bihar News : नक्सली अभियान के दौरान शहीद हुए औरंगाबाद के लाल राकेश कुमार, इलाके में पसरा मातम
Bihar News : झारखण्ड में नक्सली अभियान में औरंगाबाद के लाल राकेश कुमार शहीद हो गए. इलाज के दौरान रांची में उनका निधन हो गया......पढ़िए आगे
AURANGABAD : औरंगाबाद के लोग कुछ दिन पूर्व हुए एक जवान की शहादत का ग़म अभी भूले भी नहीं थे कि आज एक बार फिर झारखण्ड के घने जंगल में नक्सली मुठभेड़ के दौरान आई आंधी तूफान के बीच भी अपनी कर्तव्य को निभाते औरंगाबाद का लाल शहीद हो गए। शहीद जवान की पहचान हसपुरा थाना क्षेत्र के धमनी ग्राम निवासी अर्जुन चौधरी उर्फ डोमन चौधरी के पुत्र 30वर्षीय राकेश कुमार के रूप में किया गया है। आज जैसे ही उनकी मौत की खबर उनके पैतृक गांव हसपुरा थाना क्षेत्र के धमनी टोला सम्भों गांव पहुंची। वैसे ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया और परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे।
घटना की जानकारी देते हुए शहीद के परिजनों ने बताया कि 2012 में उनकी बहाली हुई थी। आज वह सीआरपीएफ के 210 कोबरा बटालियन का हिस्सा थे। फिलहाल उनकी पोस्टिंग झारखण्ड में हुई थी। कल यानी मंगलवार को वह चाइबासा के सारंडा के जंगल में चल रहे नक्सली अभियान का वह हिस्सा थे। हालांकि पूर्व में शहीद जवान ने तीन नक्सलियों को मुठभेड़ में धराशाई कर दिया था। जिसको लेकर उन्हें पुरस्कृत तथा पदोन्नति भी किया गया था।
बताया जाता है कि नक्सलियों के साथ चल रही आमने सामने के मुठभेड़ के बीच तेज आंधी तूफान आ गया और जंगल का एक पेड़ टूटकर उनके ऊपर गिर गया। जिसमें वह बुरी तरह से जख्मी हो गए थे। मौके पर मौजूद जवानों ने उन्हें इलाज हेतु चाइबासा हॉस्पिट लाया। जहाँ डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिसके बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से उन्हें इलाज के लिए झारखंड के रांची लाया गया और एक निजी हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। आज इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक शहीद जवान अपने पिता के सबसे बड़े पुत्र थे। उनकी शादी 2014 में हुई थी। अपने पीछे तीन बेटी तथा एक पुत्र को छोड़ कर देश की आन बान शान को बचाने के लिए राकेश शहीद हो गए। झारखंड के रांची से आज रात्रि में उनका पार्थिव शरीर, उनके पैतृक गांव हसपुरा के नीमा लाया जायेगा और कल सुबह राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जिसको लेकर उनके पैतृक गांव में लोगों का आना जाना शुरू हो गया है।
दीनानाथ की रिपोर्ट