Bihar News: सड़क धंसने से पलटा हाइवा, मलबे में दफ्न हो गईं दो मासूम बहनें, इलाके में मातम
Bihar News: सड़क धंसने के बाद बेकाबू हाइवा एक झोपड़ी नुमा मकान पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई।...
Aurangabad: ज़िले से एक दिल दहला देने वाली ख़बर सामने आई है, जहां सड़क धंसने के बाद बेकाबू हाइवा एक झोपड़ी नुमा मकान पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। यह हौलनाक वारदात अंबा थाना क्षेत्र के गंगतुआ गांव के समीप भटकुर मोड़ के पास हुई, जिसने पूरे इलाके को ग़म और सन्नाटे में डुबो दिया।
मृत बच्चियों की पहचान प्रियंका उर्फ रिद्धि (6 वर्ष) और प्रीति उर्फ सिद्धि (3 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रामपुर गांव निवासी उदय यादव की बेटियां थीं। बताया जाता है कि उदय यादव ने अपने पशुओं और खेती-बाड़ी के औज़ार रखने के लिए सड़क किनारे एक झोपड़ी बना रखी थी। उसी झोपड़ी में दोनों मासूम बहनें गहरी नींद में सो रही थीं, जब क़हर बनकर मौत वहां आ पहुंची।
ग्रामीणों के मुताबिक डुमरी से भटकुर मोड़ तक सड़क निर्माण का काम चल रहा था। निर्माण सामग्री लेकर जा रहा हाइवा अचानक सड़क धंसने से असंतुलित हो गया और सीधे झोपड़ी पर जा पलटा। पलक झपकते ही कच्चा आशियाना मलबे में तब्दील हो गया और दोनों बच्चियां भारी वाहन के नीचे दब गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के फौरन बाद चालक मौके से फरार हो गया। हाइवा पलटते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग दौड़कर पहुंचे और बच्चियों को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन कई टन वज़नी वाहन के सामने उनकी कोशिशें नाकाम रहीं। करीब आधे घंटे बाद निर्माण स्थल पर मौजूद जेसीबी की मदद से हाइवा हटाया गया, मगर तब तक दोनों मासूमों की सांसें थम चुकी थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। अंतिम प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हाइवा को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद गांव में कोहराम मचा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवज़े की मांग की है। अधिकारियों ने सरकारी सहायता का आश्वासन दिया है, लेकिन मासूम जिंदगियों की भरपाई अब किससे होगी?
दीनानाथ मौआर का रिपोर्ट