Bihar Road Accident : औरंगाबाद में ट्रैक्टर और कार के बीच हुई भीषण टक्कर, मेले से लौट रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की हुई मौत, तीन की हालत गंभीर

Bihar Road Accident : औरंगाबाद में NH 120 पर दधपी गांव के समीप एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में कार सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई......पढ़िए आगे

Bihar Road Accident : औरंगाबाद में ट्रैक्टर और कार के बीच हु
सड़क हादसे में 3 की मौत - फोटो : DINANATH

AURANGABAD  : बिहार के औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र में रविवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ राष्ट्रीय राजमार्ग 120 (NH 120) पर दधपी गांव के समीप एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में कार सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के हिछन विगहा गांव निवासी उपेंद्र यादव की 45 वर्षीय पत्नी ममता देवी, उनकी पुत्री चुलबुल कुमारी और उपहारा थाना क्षेत्र के डड़वा गांव निवासी स्वर्गीय विनोद यादव की 17 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी के रूप में की गई है। इस घटना में कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायलों में हिछन विगहा गांव निवासी उपेंद्र यादव की 14 वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी, 12 वर्षीय पुत्र समर कुमार और उपहारा थाना क्षेत्र के डढ़वा गांव निवासी स्वर्गीय विनोद यादव की 40 वर्षीय पत्नी संगीता देवी शामिल हैं। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गयाजी मेडिकल कॉलेज (ANMMCH) रेफर कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग अरवल जिले के प्रसिद्ध मकसरमा मेले से घूमकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनकी कार गोह थाना क्षेत्र के दधपी गांव के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोह थाना की पुलिस दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है।

इस भीषण हादसे की खबर मिलते ही दोनों पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हिछन विगहा और डढ़वा गांव में इस सामूहिक मौत के बाद से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे और क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट