क्षतिग्रस्त रेलवे पुल और सड़क समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का चक्का जाम, बारुण-दाउदनगर मार्ग पर लगा लंबा जाम

क्षतिग्रस्त रेलवे पुल और सड़क समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का
सड़क समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का चक्का जाम- फोटो : दीनानाथ मौआर

Aurangabad : जिले के बारुण सोननगर रेलवे अंडरब्रिज के समीप रेलवे पुल के क्षतिग्रस्त होने और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार चक्का जाम आंदोलन किया। 

इस चक्का जाम के कारण बारुण-दाउदनगर मार्ग पर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सामान्य आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो गया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए स्कूली वाहनों, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को जाम से पूरी तरह मुक्त रखा, ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में परेशानी न हो।


जिलाधिकारी के नाम छह सूत्री मांगों का सौंपा गया ज्ञापन

प्रदर्शन के दौरान राजद नेता आमोद चन्द्रवंशी और उपप्रमुख प्रतिनिधि विजय कुमार यादव सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने जिलाधिकारी के नाम छह सूत्री मांगों का एक ज्ञापन अंचल अधिकारी (CO) नारायण राय को सौंपा। इस ज्ञापन में मुख्य रूप से सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक बालू लदे भारी वाहनों के परिचालन पर नो-एंट्री लगाने की प्रमुख मांग शामिल है।


सड़क मरम्मत, जलजमाव से मुक्ति और नए ओवरब्रिज निर्माण की मांग

ग्रामीणों की अन्य प्रमुख मांगों में सोन नदी किनारे से जीटी रोड तक बालू वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित करना, क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराना और जलजमाव से निजात के लिए स्थानीय नाले को डीएफसीसी के खुले नाले से जोड़ना शामिल है। इसके अलावा, ब्रिटिश कालीन पुराने रेलवे पुल के संकरे अंडरपास के स्थान पर अलग अंडरपास और ओवरब्रिज के निर्माण की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।


जनप्रतिनिधियों का संबोधन और पुलिस-प्रशासन का आश्वासन

इस आमसभा को पूर्व विधायक वीरेंद्र कुमार सिन्हा, पूर्व प्रत्याशी आमोद चंद्रवंशी, बीडीसी अजय सिंह और पैक्स अध्यक्ष उपेंद्र यादव ने संबोधित किया। इस दौरान बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे, वहीं आरपीएफ इंस्पेक्टर राजकिशोर ने रेलवे से जुड़ी समस्याओं को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में रही।


दीनानाथ की रिपोर्ट