औरंगाबाद में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, एक अन्य घायल
Aurangabad : जिले के रफीगंज-शिवगंज मार्ग पर खड़वा मोड़ के समीप एक भीषण सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाजार से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के पिपरौरा पंचायत अंतर्गत परोरा गांव निवासी सुरेंद्र शर्मा के 27 वर्षीय पुत्र शशिकांत कुमार के रूप में हुई है। वहीं हादसे में उसी गांव का रहने वाला धनंजय शर्मा (पिता- रामप्रवेश शर्मा) घायल हो गया। जिला पार्षद शंकर यादवेंदु ने बताया कि दोनों युवक रफीगंज बाजार से खरीदारी कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शिवगंज की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा वाहन ने चकमा दे दिया, जिससे बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और शशिकांत की मौके पर ही मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, शशिकांत अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी दो बहनें हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता मंदिर में पुजारी का काम करते हैं, जबकि उसकी मां का निधन 10 वर्ष पूर्व ही हो चुका था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मामले की जानकारी देते हुए रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और अज्ञात वाहन की छानबीन में जुट गई है।
दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट