Jehanabad News: जहानाबाद में तालाब में गिरी स्कॉर्पियो, डीजल-मोबिल रिसाव से लाखों की मछलियां मरीं, मछली पालक को भारी नुकसान

जहानाबाद के बंधुगंज-भारथु-सुखियामा मार्ग पर तालाब में स्कॉर्पियो गिरने से डीजल-मोबिल फैला और लाखों की मछलियां मर गईं। संचालक को भारी क्षति।

Jehanabad Scorpio pond accident
जहानाबाद में तालाब में गिरी स्कॉर्पियो, डीजल-मोबिल रिसाव से लाखों की मछलियां मरीं- फोटो : Reporter

जहानाबाद जिले के बंधुगंज–भारथु–सुखियामा मार्ग पर एक बड़ा हादसा सामने आया है,जहां सड़क से गुजर रही एक स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर भारथु स्थित तालाब में जा गिरी। बताया जा रहा है कि यह तालाब विकास कुमार द्वारा संचालित किया जाता है। वाहन के तालाब में गिरने से मछली पालन व्यवसाय को भारी नुकसान पहुंचा है और तालाब में पाली जा रही लाखों रुपये की मछलियां मर गई हैं।



नशे में होने की चर्चा, जांच के बाद होगी पुष्टि

ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे के समय स्कॉर्पियो चालक नशे की हालत में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी। अचानक वाहन के संतुलन खोने और तालाब में गिरने की घटना से इलाके में हलचल मच गई।



डीजल और मोबिल रिसाव से पानी हुआ प्रदूषित

ग्रामीणों का कहना है कि स्कॉर्पियो के तालाब में गिरने के बाद वाहन से डीजल और मोबिल तेल का रिसाव होने लगा। इससे तालाब का पानी जहरीला होने जैसी स्थिति बन गई और पानी में डीजल व मोबिल फैलने से मछलियों पर गंभीर असर पड़ा, जिसके चलते बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो गई।



तालाब संचालक को लाखों के नुकसान की आशंका

इस हादसे से तालाब संचालक विकास कुमार को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मछली पालन के लिए की गई वर्षों की मेहनत और लगाई गई पूंजी पर इस दुर्घटना ने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। घटना के बाद तालाब में डूबी स्कॉर्पियो की तस्वीरें भी सामने आई हैं।



नुकसान की भरपाई और मुआवजे को लेकर उठ रहे सवाल

मछलियों की मौत और कारोबार को हुए नुकसान के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इस क्षति की भरपाई कौन करेगा। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वाहन चालक की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।



उचित मुआवजा दिलाने की ग्रामीणों ने की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाब संचालक विकास कुमार को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित संचालक को राहत मिलने से उसकी आजीविका और व्यवसाय को संबल मिल सकेगा।

रंजीत कुमार की रिपोर्ट