Bihar Success Story: हौसलों ने लिखी कामयाबी की दास्तान, जहानाबाद की शुभांगी बनीं भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, मेहनत ने लिखी सफलता की नई इबारत

Bihar Success Story: जहानाबाद जिले के ग्राम लारी की रहने वाली शुभांगी ने अपने अथक परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प के दम पर वह मुकाम हासिल किया है, जिसका सपना हर युवा देखता है।

Jehanabad Shubhangi Becomes Indian Army Lieutenant
जहानाबाद की बेटी शुभांगी बनीं भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट- फोटो : reporter

Bihar Success Story: कौन कहता है कि आसमां में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों... मशहूर शायर दुष्यंत कुमार की यह पंक्ति आज बिहार के जहानाबाद जिले की बेटी शुभांगी की कामयाबी पर पूरी तरह सटीक साबित होती है। छोटे से गांव से निकलकर देश की सेवा के सबसे प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचने का उनका सफर इस बात की गवाही देता है कि जब इरादे बुलंद हों, हौसलों में जान हो और मेहनत इबादत बन जाए, तब कोई मंजिल नामुमकिन नहीं रहती।

जहानाबाद जिले के ग्राम लारी की रहने वाली शुभांगी ने भारतीय थल सेना के मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट के रूप में योगदान देकर न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे बिहार का सिर फ़ख्र से ऊंचा कर दिया है। यह मुकाम उन्हें यूं ही नहीं मिला, बल्कि इसके पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और अटूट संकल्प की शानदार दास्तान छिपी है।

शुभांगी ने वर्ष 2022 में नीट परीक्षा में 650 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर उनका चयन देश के प्रतिष्ठित आर्म्ड फोर्स मेडिकल कॉलेज (AFMC), पुणे में एमबीबीएस के लिए हुआ। मेडिकल की कठिन पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2026 में उन्होंने भारतीय सेना के मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कर दीं। यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि देशसेवा के जज़्बे का भी शानदार प्रतीक है।

शुभांगी के पिता राकेश कुमार और माता सविता कुमारी ने हर मोड़ पर उनका हौसला बढ़ाया। वहीं उनके बाबा डॉ. शिवपूजन शर्मा क्षेत्र के सम्मानित और प्रतिष्ठित लोगों में शुमार हैं। शिक्षा और संस्कार से समृद्ध इस परिवार ने शुभांगी को बड़े सपने देखने और उन्हें हकीकत में बदलने की प्रेरणा दी। उनकी शुरुआती पढ़ाई जहानाबाद के डीएवी स्कूल से हुई, जहां से उनकी प्रतिभा लगातार निखरती चली गई।

आज शुभांगी की इस शानदार कामयाबी से केवल उनका परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा जहानाबाद और बिहार ख़ुशी और गर्व से सराबोर है। गांव की बेटियां उन्हें अपना आदर्श मान रही हैं और युवा उनके संघर्ष से नई प्रेरणा ले रहे हैं।

सच यही है कि कामयाबी किसी पहचान, शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती। वह सिर्फ़ जुनून, मेहनत, सब्र और बुलंद हौसलों की तलबगार होती है। शुभांगी ने अपनी शानदार सफलता से यह साबित कर दिया कि छोटे गांवों की बेटियां भी अपने इरादों की ताकत से देश की सबसे बड़ी जिम्मेदारियां संभाल सकती हैं। उनकी यह फ़तह आने वाली पीढ़ियों के लिए उम्मीद, हिम्मत और कामयाबी की नई इबारत बन चुकी है।