आकांक्षी जिला कार्यक्रम में पूर्णिया का कीर्तिमान, बिहार में पहला और देशभर में छठा स्थान

पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने जिले की इस उपलब्धि की जानकारी दी वर्ष 2018 से अब तक विकास के निर्धारित मानकों पर पूर्णिया देशभर में छठे स्थान पर बना हुआ है। वहीं बिहार में जिले ने पहला स्थान हासिल किया है।

Purnia Aspirational District
Purnia Aspirational District- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के पूर्णिया जिले ने विकास के पैमाने पर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में पूर्णिया ने पूरे बिहार में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत विकास के विभिन्न मानकों पर जिले ने वर्ष 2018 से अब तक देशभर के 112 जिलों में लगातार छठा स्थान बनाए रखा है। इस उपलब्धि को लेकर जिला प्रशासन ने खुशी जाहिर की है।


पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने  जिले की इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम में देशभर के कुल 112 जिले शामिल हैं। वर्ष 2018 से अब तक विकास के निर्धारित मानकों पर पूर्णिया देशभर में छठे स्थान पर बना हुआ है। वहीं बिहार में जिले ने पहला स्थान हासिल किया है।


डीएम ने बताया कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत विकास का आकलन पांच प्रमुख इंडिकेटर के आधार पर किया जाता है। इनमें स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि और आधारभूत संरचना यानी इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में पूर्णिया ने उल्लेखनीय प्रगति की है। इसी उपलब्धि के लिए नीति आयोग की ओर से जिले को कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।


स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार में नंबर वन

जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में पूर्णिया ने खास उपलब्धि हासिल की है। सितंबर और अक्टूबर महीने के आंकड़ों के अनुसार पूर्णिया पूरे बिहार में पहले स्थान पर रहा है। इसके अलावा भू-राजस्व से जुड़े मामलों के निपटारे में जिला बिहार में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। लोक शिकायतों के निपटारे के मामले में भी पूर्णिया ने राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है।


डीएम ने अधिकारियों और आम लोगों को दिया श्रेय

अंशुल कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी पदाधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों और आम जनता को दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मियों के साथ-साथ आम लोगों का भी विकास कार्यों में महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। सभी के सामूहिक प्रयास से पूर्णिया ने यह मुकाम हासिल किया है।


जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए जिले के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विकास के इन मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।


अंकित झा  की रिपोर्ट