Bihar News: नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, स्कूल-कॉलेजों के आसपास दुकानों की हुई सघन जांच

Bihar News:स्कूली बच्चों और नौजवानों को नशे की बुरी लत से महफूज रखने के लिए कटिहार पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।

Bihar News
नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar News:स्कूली बच्चों और नौजवानों को नशे की बुरी लत से महफूज रखने के लिए कटिहार पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिले में स्कूलों और कॉलेजों के आसपास तंबाकू एवं मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वाली दुकानों के खिलाफ विशेष जांच मुहिम शुरू की गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर चल रहे इस अभियान का मकसद तालीम हासिल कर रहे बच्चों को नशे के दलदल में फंसने से बचाना और सूखे नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम लगाना है।

पुलिस की अलग-अलग टीमें शिक्षण संस्थानों के आसपास मौजूद दुकानों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही हैं। इस दौरान दुकानदारों को साफ लफ्जों में हिदायत दी जा रही है कि वे अपनी दुकानों से तंबाकू और नशीले पदार्थों को फौरन हटा लें। पुलिस ने दोटूक चेतावनी दी है कि स्कूल-कॉलेज के आसपास प्रतिबंधित सामान बेचते हुए पकड़े जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, कोटपा  अधिनियम के तहत शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पाबंदी है। इसके बावजूद कई जगहों पर नियमों की अनदेखी कर तंबाकू उत्पादों की बिक्री किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस अब ऐसे दुकानदारों पर पैनी नजर रख रही है, ताकि कानून का सख्ती से पालन कराया जा सके।

डीएसपी विशाल आनंद ने बताया कि स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने वाले बच्चों के बीच सूखे नशे का बढ़ता चलन बेहद फिक्र का विषय है। कम उम्र में नशे की गिरफ्त में आना बच्चों के मुस्तकबिल, सेहत और तालीम तीनों के लिए नुकसानदेह है। पुलिस को आशंका है कि शिक्षण संस्थानों के आसपास मौजूद कुछ दुकानों के जरिए बच्चों तक तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की पहुंच आसान हो रही है। इसी खतरे को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

डीएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी भी दुकान से मादक पदार्थ बरामद होने पर दुकानदार के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। दुकानदारों को भी आगाह किया गया है कि वे नियमों का पालन करें और शिक्षण संस्थानों के आसपास किसी भी तरह के प्रतिबंधित नशीले सामान की बिक्री से बाज आएं।

पुलिस की इस पहल को बच्चों को नशे के शिकंजे से बचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अभियान के जरिए न केवल अवैध बिक्री पर रोक लगाने की कोशिश है, बल्कि अभिभावकों, शिक्षकों और दुकानदारों को भी अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना है। पुलिस का कहना है कि यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी, ताकि कटिहार में स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशे के कारोबार पर लगाम लगे और बच्चों के लिए महफूज माहौल कायम किया जा सके।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह