AI से अश्लील फोटो बनाकर छात्रा से ब्लैकमेलिंग : आरोपी ने फोटो वायरल करने के नाम ठगे 17 लाख जेवरात और नगदी की ठगी, थाने में FIR दर्ज

AI से अश्लील फोटो बनाकर छात्रा से ब्लैकमेलिंग : आरोपी ने फोट
AI से अश्लील फोटो बनाकर छात्रा से ब्लैकमेलिंग- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Nalanda : जिले के हरनौत थाना क्षेत्र से साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ऑनलाइन क्लास के जरिए हुई पहचान का फायदा उठाकर एक शातिर युवक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से छात्रा की अश्लील तस्वीरें तैयार कर लीं और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर करीब 17 लाख रुपये के जेवरात और नकदी ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर हरनौत थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।


टेलीग्राम के जरिए संपर्क में आया था आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरनौत थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी विपिन प्रसाद की 18 वर्षीय पुत्री सदाबहार कुमारी 'टारगेट बोर्ड' ऑनलाइन क्लास से पढ़ाई करती थी। इसी दौरान अरवल जिले के एक युवक ने बिट्टू कुमार उर्फ समर के नाम से टेलीग्राम के माध्यम से उससे संपर्क बढ़ाया। पीड़िता का आरोप है कि लगभग छह महीने पहले उसने घरेलू कपड़ों में अपनी एक तस्वीर साझा की थी, जिसे आरोपी ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक और अश्लील फोटो में बदल दिया और टेलीग्राम पर भेजकर उसे डराने-धमकाने लगा।


डरा-धमकाकर वसूले जेवरात और नकदी

पीड़िता के मुताबिक, बीते 30 सितंबर को आरोपी ने उसे बिहारशरीफ के रामचंद्रपुर मिलने के लिए बुलाया। डर के मारे पीड़िता वहां पहुंची, जहां आरोपी ने उसे धमकी दी कि अगर घर से सोने-चांदी के जेवरात और रुपये नहीं लाई, तो वह उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और उसके पिता को जान से मार देगा।


लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से घबराकर पीड़िता ने बीते 16 अक्टूबर की शाम लोहरा से हरनौत जाने वाले रास्ते पर आरोपी को अपनी मां और दो शादीशुदा बड़ी बहनों के पैतृक जेवरात सौंप दिए। ठगए गए सामान में कुल 100 ग्राम सोना, 800 ग्राम चांदी (कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये) और 70 हजार रुपये नकद शामिल हैं।


मां के बक्सा खोलने पर हुआ खुलासा

बीते 18 अक्टूबर को जब पीड़िता की मां ने घर में बक्सा खोला, तो जेवरात गायब देख वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। होश आने पर छात्रा ने रोते हुए परिवार को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बावजूद 19 अक्टूबर को आरोपी ने दोबारा अश्लील फोटो भेजकर पुलिस या प्रशासन को सूचना न देने की धमकी दी। पीड़िता के पास आरोपी द्वारा 19 अक्टूबर को भेजी गई तस्वीरों के डिजिटल साक्ष्य भी मौजूद हैं।


थानाध्यक्ष ने दी जानकारी, पुलिस जांच में जुटी

इस संबंध में हरनौत थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर थाने में कांड दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में बीएनएस (BNS) 2023 की धारा 318(4), 351(2) तथा आईटी एक्ट (IT Act) की धारा 66(ई) और 67(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।


राज की रिपोर्ट