Nitish Samvad:जंगलराज से सुशासन तक के सफर को जदयू ने किया याद, नीतीश संवाद में गूंजा विकास का संकल्प
Nitish Samvad: बिहार की सियासत में 24 नवंबर की तारीख को खास महत्व देते हुए जनता दल यूनाइटेड ने सुशासन दिवस के अवसर पर नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।...
Nitish Samvad: बिहार की सियासत में 24 नवंबर की तारीख को खास महत्व देते हुए जनता दल यूनाइटेड ने आज यानी मंगलवार को सुशासन दिवस के अवसर पर बिहारशरीफ के टाउन हॉल में नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए बदलावों, विकास योजनाओं और सामाजिक परिवर्तन के सफर को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद राज्य ने कई क्षेत्रों में नई पहचान बनाई है और विकास की दिशा में आगे बढ़ा है।

कार्यक्रम के दौरान जदयू नेताओं ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने पहली बार बिहार में पूर्ण कार्यकाल वाली सरकार की कमान संभाली थी। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में पार्टी ने सुशासन दिवस मनाने का फैसला किया है। इसके तहत राज्य के सभी 38 जिलों में नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के जरिए पार्टी सरकार के दो दशक के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

मुख्य अतिथि रामनाथ ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को नई पहचान मिली है। उन्होंने पुराने बिहार और मौजूदा स्थिति की चर्चा करते हुए सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में हुए कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में बिहार ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्ष 2005 से पहले की बदहाल सड़कों, बिजली संकट, कमजोर कानून-व्यवस्था और पलायन जैसी समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बाद शासन की प्राथमिकताओं में बदलाव आया। गांवों तक सड़कों का विस्तार, हर घर बिजली, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, पंचायतों में महिलाओं को आरक्षण और जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने जैसे प्रयासों ने सामाजिक बदलाव की राह खोली। नेताओं ने इन उपलब्धियों को जंगलराज से सुशासन तक के सफर का अहम हिस्सा बताया।
इस मौके पर विधायक हरिनारायण सिंह, कृष्ण मुरारी शरण, कौशल किशोर, जितेंद्र कुमार, रोहेल रंजन, जदयू जिलाध्यक्ष मोहम्मद अरशद, राष्ट्रीय महासचिव इंजीनियर सुनील कुमार, संजय पासवान, भवानी सिंह, निशांत कुमार और असगर शमीम सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रद्युम्न कुमार ने की।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय