बिहार में खत्म होगी शराबबंदी! पापा नीतीश का नाम लेकर निशांत ने दिया बड़ा संदेश, बता दिया आगे का रास्ता

निशांत ने कहा, नीतीश कुमार ने बिहार में शराबबंदी लागू कर महिलाओं को सम्मान और परिवारों को बेहतर जीवन देने का काम किया है। उनके मुताबिक, शराबबंदी से अपराध में कमी आई है और घरेलू हिंसा की घटनाओं पर भी अंकुश लगा है।

Nishant on Prohibition Policy
Nishant on Prohibition Policy- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर सियासी बहस एक बार फिर तेज हो सकती है। राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद से ही समय-समय पर इस कानून की समीक्षा और इसे खत्म करने की मांग उठती रही है। खास बात यह है कि शराबबंदी पर सवाल उठाने वालों में विपक्षी नेताओं के साथ-साथ एनडीए के भी कई नेता शामिल रहे हैं। ऐसे सियासी माहौल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सुशासन दिवस के मौके पर शराबबंदी को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने इस बहस को फिर चर्चा में ला दिया है।


पटना में जदयू कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने मंगलवार को साफ तौर पर शराबबंदी के पक्ष में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में शराबबंदी लागू कर महिलाओं को सम्मान और परिवारों को बेहतर जीवन देने का काम किया है। उनके मुताबिक, शराबबंदी से अपराध में कमी आई है और घरेलू हिंसा की घटनाओं पर भी अंकुश लगा है। पहले शराब पर खर्च होने वाला पैसा अब परिवार और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर खर्च हो रहा है।


निशांत ने अपने पिता नीतीश कुमार के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि शराबबंदी का उद्देश्य केवल शराब की बिक्री रोकना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नीतीश कुमार के सिद्धांतों और फैसलों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। 


अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से समझौता नहीं

निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से कभी समझौता नहीं किया। वह भी इन मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से सहयोग मांगा। निशांत ने कहा कि राजनीति उनके लिए पद या प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का जरिया है। स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ वह जदयू संगठन को भी मजबूत करने की कोशिश करेंगे।


अल्पसंख्यकों के लिए किए गए कामों का किया जिक्र

अपने संबोधन में निशांत ने अल्पसंख्यकों के विकास के लिए नीतीश कुमार की सरकार के दौरान किए गए कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में अल्पसंख्यकों, खासकर मुस्लिम समुदाय के लोगों की स्थिति अच्छी नहीं थी। नीतीश सरकार ने करीब 9 हजार कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई। भागलपुर दंगों की जांच और दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में भी काम किया गया। उन्होंने उर्दू अकादमी, मदरसा बोर्ड, वक्फ बोर्ड और अल्पसंख्यक आयोग जैसी संस्थाओं का भी उल्लेख किया।


सड़क और हरित क्षेत्र में बदलाव का दावा

निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार की सड़क और आधारभूत संरचना में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने राज्य के किसी भी कोने से पटना पहुंचने में लगने वाले समय को और कम करने का लक्ष्य भी बताया। जल-जीवन-हरियाली अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार का हरित क्षेत्र बढ़ा है और सरकार का लक्ष्य इसे और आगे ले जाना है। गंगा जल उद्वह योजना के जरिए गया, राजगीर, नालंदा और नवादा तक गंगाजल पहुंचाने को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास जारी रखने की बात

निशांत कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से बिहार में विकास की रफ्तार बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में केवल बुनियादी ढांचे का विकास नहीं हुआ, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास भी किया गया है।


शराबबंदी को लेकर लगातार उठते राजनीतिक सवालों के बीच निशांत का यह बयान जदयू की मौजूदा नीति के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल उनके संबोधन से शराबबंदी खत्म होने का कोई संकेत नहीं मिलता, बल्कि उन्होंने नीतीश कुमार के इस फैसले को सामाजिक बदलाव का महत्वपूर्ण कदम बताया है।