निशांत का संकल्प इन 3 से कभी समझौता नहीं, कार्यकर्ताओं से अपील, दीजिये साथ तो 'पापा नीतीश' के जैसा करूंगा काम

सुशासन दिवस पर निशांत ने कहा कि उनकी पूरी कोशिश रहेगी कि वह सभी जिम्मेदारियों पर खरा उतरें। उनके पिता से उन्हें यह सीख मिली है कि राजनीति पद और प्रतिष्ठा हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का काम है।

Nishant Kumar
Nishant Kumar- फोटो : news4nation

Bihar News :  सुशासन दिवस के अवसर पर मंगलवार को पटना में जदयू कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपने पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने कभी अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से समझौता नहीं किया। वह भी इस सिद्धांत से कभी समझौता नहीं करेंगे। इस संकल्प को पूरा करने के लिए उन्होंने पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से साथ देने की अपील की।


निशांत ने कहा कि उनकी पूरी कोशिश रहेगी कि वह सभी जिम्मेदारियों पर खरा उतरें। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पिता से उन्हें यह सीख मिली है कि राजनीति पद और प्रतिष्ठा हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का काम है।


शराबबंदी से महिलाओं को मिला सम्मान

नीतीश कुमार के कार्यकाल में लागू शराबबंदी योजना का जिक्र करते हुए निशांत ने कहा कि इससे अपराध में कमी आई और महिलाओं को सम्मान मिला। पहले परिवार की कमाई का बड़ा हिस्सा शराब पर खर्च होता था, लेकिन शराबबंदी के बाद वही पैसा बच्चों के पालन-पोषण और परिवार की जरूरतों पर खर्च होने लगा। इससे घरेलू हिंसा में भी कमी आई।


अल्पसंख्यकों के विकास के लिए किए गए काम गिनाए

निशांत ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में अल्पसंख्यक समुदाय, खासकर मुस्लिम शिक्षकों की स्थिति अच्छी नहीं थी। नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस वर्ग के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए गए। करीब 9 हजार कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई। उन्होंने 1989 के भागलपुर दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि मामलों की जांच कराई गई और दोषियों को सजा दिलाने तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में काम हुआ।


उन्होंने कहा कि मुस्लिम तलाकशुदा महिलाओं सहित अल्पसंख्यक समुदाय के विभिन्न वर्गों के लिए योजनाएं चलाई गईं। उर्दू अकादमी, बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड, शिया वक्फ बोर्ड और अल्पसंख्यक आयोग जैसे संस्थानों के माध्यम से भी समुदाय के हित में काम किया गया।


सड़क और आधारभूत संरचना में बदलाव का दावा

निशांत ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में सड़कों की स्थिति काफी खराब थी। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सड़कों, पुलों और फ्लाईओवर का निर्माण कराया। उन्होंने बताया कि 2024 में बिहार के किसी भी कोने से पटना पहुंचने के लिए पांच घंटे का लक्ष्य हासिल किया गया। अब लक्ष्य 2027 तक इस समय को चार घंटे और 2035 तक तीन घंटे करने का है।


जल-जीवन-हरियाली और गंगाजल योजना का किया जिक्र

निशांत ने जल-जीवन-हरियाली अभियान को नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में हरित क्षेत्र का विस्तार हुआ है। उनके अनुसार, वर्ष 2001 में राज्य का हरित आवरण करीब 9 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। वर्ष 2028 तक इसे 17 प्रतिशत करने का लक्ष्य है।


उन्होंने गंगाजल उद्भव योजना का भी उल्लेख किया। इसके तहत गंगा के पानी को गया, राजगीर, नालंदा और नवादा जैसे क्षेत्रों तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान को वैश्विक स्तर पर भी एक आदर्श पहल के रूप में सराहा गया है।


नीतीश कुमार के काम को आगे बढ़ा रहे सम्राट चौधरी

निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने 20 वर्षों के शासनकाल में यह दिखाया कि राजनीति सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बन सकती है। उन्हें खुशी है कि उनके पिता ने बिहार के विकास के लिए जो काम किए, उन्हें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का भी सहयोग मिल रहा है।


अपने स्वास्थ्य मंत्री के रूप में मिली जिम्मेदारी का जिक्र करते हुए निशांत ने कहा कि वह इसे पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से लगातार मिलकर संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में हुए विकास का मूल उद्देश्य जनता के जीवन में सुधार लाना और विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना रहा है।