Bihar News : दलालों से परेशान सदर अस्पताल प्रबंधन ने की अनोखी कार्रवाई, दीवारों पर चस्पा किये महिला दलालों के पोस्टर, लिखा-इनकी बातों में न आयें

Bihar News : मरीजों को भटकाने की गंभीर समस्या से निपटने के लिए अब सदर अस्पताल प्रबंधन ने परिसर की दीवारों पर ऐसी चिन्हित महिलाओं की तस्वीरों वाले पोस्टर चस्पा कर दिए हैं.....पढ़िए आगे

Bihar News : दलालों से परेशान सदर अस्पताल प्रबंधन ने की अनोख
दलालों से बचने की कवायद - फोटो : RAJ

NALANDA : बिहारशरीफ सदर अस्पताल में मरीजों को सरकारी इलाज से भटकाकर निजी क्लीनिक और जांच केंद्रों तक पहुंचाने के कथित कमीशन के खेल पर अब अस्पताल प्रबंधन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अस्पताल परिसर में सक्रिय रहने वाली महिलाओं की तस्वीरों वाले पोस्टर दीवारों पर लगाए गए हैं। ये महिलाएं मरीजों और उनके परिजनों को मदद का भरोसा देकर निजी संस्थानों तक पहुंचाती थीं। प्रबंधन की इस कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर में उनकी सक्रियता अचानक कम हो गई है।

आरोप है कि ये महिलाएं इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों से संपर्क करती थीं। खासकर प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को निशाना बनाया जाता था। दवा काउंटर, निबंधन काउंटर, प्रसव कक्ष और सामान्य वार्ड के आसपास घूमकर वे मरीजों को निजी क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड केंद्र और पैथोलॉजी जांच केंद्र तक ले जाने के लिए तैयार करती थीं। 

वहीँ निजी मेडिकल स्टोर से दवा दिलाने के नाम पर भी मरीजों को अपने संपर्क वाले दुकानों तक पहुंचाने की बात सामने आई है। अस्पताल परिसर में इन महिलाओं की मौजूदगी सुबह छह बजे से ही शुरू हो जाती थी। बताया जाता है कि वे रात दस बजे तक अस्पताल में सक्रिय रहती थीं। अस्पताल प्रबंधन ने अब उनकी तस्वीरों वाले पोस्टर लगाकर मरीजों और परिजनों को सतर्क करने की पहल की है।

अस्पताल प्रबंधक मोहम्मद इमरान ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर सिविल सर्जन की ओर से पहले इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाई गई महिलाओं को चिह्नित कर पोस्टर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी किसी अन्य महिला के खिलाफ ऐसी शिकायत मिलती है, तो उसकी तस्वीर भी पोस्टर पर लगाई जाएगी।

राज की रिपोर्ट