Bihar News: नवादा में पूर्व पैक्स अध्यक्ष ने किया बड़ा घोटाला, लाखों रुपए का किया हेरफेर, खुलासा हुआ तो अधिकारियों के उड़े होश...
Bihar News: नवादा के पूर्व पैक्स अध्यक्ष ने गोदाम निर्माण कार्य में बड़ा घोटाला किया है। पूर्व पैक्स अध्यक्ष पर 17.16 लाख के गबन का आरोप लगा है। वहीं 2022 में शुरु हुए गोदाम निर्माण का कार्य अब तक अधूरा पड़ा है। वहीं अब इस मामले में...

Bihar News: नवादा के रोह प्रखंड में मड़रा पैक्स के 1000 एमटी गोदाम निर्माण में गंभीर वित्तीय अनियमितता सामने आई है। पूर्व पैक्स अध्यक्ष अजय सिंह पर 17.16 लाख रुपये के गबन का आरोप लगा है। जानकारी अनुसार गोदाम निर्माण के लिए जुलाई 2022 में स्वीकृति मिली थी। विभाग ने तीन किस्तों में कुल 52.20 लाख रुपये की राशि जारी की। पहली किस्त 14 अगस्त 2023 को, दूसरी 5 मार्च 2024 को और तीसरी किस्त 9 अप्रैल 2024 को जारी की गई। प्रत्येक किस्त में 17.40 लाख रुपये शामिल थे।
गोदाम निर्माण का कार्य अब भी अधूरा
सहकारिता प्रसार पदाधिकारी रंजन मांझी की जांच रिपोर्ट के अनुसार, गोदाम का निर्माण कार्य अभी भी अधूरा है। गोदाम के अंदर का फर्श, प्लास्टर, वायरिंग, करकट और रंग-रोगन का काम अभी बाकी है। मापी पुस्तिका में केवल 35.03 लाख रुपये का कार्य दर्ज है। जबकि 52.20 लाख रुपये की राशि जारी की गई। इस प्रकार 17.16 लाख रुपये का गबन प्रतीत होता है। पैक्स निर्वाचन 2024 में अजय सिंह की हार के बाद नई अध्यक्ष नीतु कुमारी को अभी तक गोदाम का प्रभार नहीं सौंपा गया है।
पूर्व पैक्स अध्यक्ष पर केस दर्ज करने का आदेश
वहीं विभाग ने पूर्व अध्यक्ष अजय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। मामले की जानकारी 24 घंटे के भीतर उच्च अधिकारियों को देने को कहा गया है। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। अब देखना होगा कि इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट