लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, नामी फाइनेंस कंपनियों के नाम पर लगाता था चूना
साइबर अपराध के खिलाफ नवादा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नामी गिरामी कंपनियों के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास नगद और मोबाइल बरामद किया है....
Nawada : जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धिमान के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत वारिसलीगंज थाना पुलिस ने ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर आम लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वारिसलीगंज स्थित पीएनबी एटीएम के समीप एक चाय दुकान के पास से आरोपित को धर दबोचा।
17 हजार नकद व मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपित की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के धनकोल गांव निवासी स्वर्गीय अनिल सिंह के 22 वर्षीय पुत्र गणेश कुमार के रूप में की गई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से साइबर अपराध में इस्तेमाल किया जाने वाला एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और 17 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय साइबर अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
बजाज और रिलायंस फाइनेंस के नाम पर बैंक अधिकारी बनकर करता था ठगी
पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने साइबर ठगी के कई चौंकाने वाले राज उगले हैं। वह धनी फाइनेंस, बजाज फाइनेंस और रिलायंस फाइनेंस जैसी नामचीन कंपनियों के नाम पर लोगों को कम ब्याज पर लोन दिलाने का लालच देता था। आरोपी खुद को बैंक मैनेजर या बैंक कर्मचारी बताकर फर्जी कॉल करता था और लोगों का विश्वास जीतकर उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और ई-मेल आईडी जैसी निजी जानकारियां हासिल कर लेता था। इसके बाद लोन अप्रूवल और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर उनसे मोटी रकम ऐंठ लेता था।
वारिसलीगंज थाने में मामला दर्ज, मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की हो रही जांच
मामले में वारिसलीगंज थाने में कांड संख्या 694/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था और देश के विभिन्न हिस्सों के सीधे-साधे लोगों को अपना शिकार बना रहा था।
साइबर नेटवर्क के अन्य गुर्गों की तलाश में जुटी पुलिस, लोगों से सतर्क रहने की अपील
नवादा पुलिस अब इस साइबर सिंडिकेट की गहराई से जांच कर रही है ताकि आरोपी से जुड़े अन्य सहयोगियों और फर्जी बैंक खातों का खुलासा किया जा सके। थानाध्यक्ष ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात कॉल या फर्जी लोन ऑफर के झांसे में न आएं तथा अपनी निजी व बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर गिरोह के बाकी सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट