Bihar Road Accident: अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, कमाने वाले युवक की मौत से मचा कोहराम

Bihar Road Accident: पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार करीब पांच लोग चपेट में आ गए...

E Rickshaw Hit by Unknown Vehicle One Killed in Nawada
दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत- फोटो : reporter

Bihar Road Accident:  नवादा वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सौर चंडीपुर गांव के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार करीब पांच लोग चपेट में आ गए। दुर्घटना में जतन मांझी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक की पहचान राजकुमार मांझी के करीब 35 वर्षीय पुत्र जतन मांझी के रूप में हुई है। बताया गया कि जतन वारिसलीगंज में निजी काम करने के बाद देर रात ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सौर चंडीपुर गांव के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि चारों घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं। वहीं, जतन मांझी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही वारिसलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब फरार वाहन और उसके चालक का सुराग तलाश रही है।

इधर, जतन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जतन परिवार के सबसे बड़े पुत्र और मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे माता-पिता, पत्नी, चार बेटे और एक बेटी हैं। मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पेट पालने वाले जतन के अचानक चले जाने से पत्नी और छह बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

रिपोर्ट- अमन कुमार