इचुआ शराब छापेमारी पर उत्पाद विभाग की सफाई: ड्रोन से हुई कार्रवाई, मुंद्रिका माझी की मौत से संबंध के दावे को बताया भ्रामक

नवादा जिले में उत्पाद विभाग द्वारा छापेमारी के दौरान एक युवक की मौत की खबर सामने आई थी, जिसपर विभाग ने मामले की पूरी जानकारी देते हुए मौत की खबर को भ्रामक बताया है। उत्पाद विभाग ने कहा है कि छापेमारी के दौरान किसी का पिछा नही किया गया था.....

इचुआ शराब छापेमारी पर उत्पाद विभाग की सफाई: ड्रोन से हुई कार
छापेमारी के दौरान युवक की मौत के खबर पर उत्पाद विभाग की सफाई- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत इचुआ गांव में 31 जुलाई 2026 को अवैध शराब के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर उत्पाद विभाग ने अपनी विस्तृत सफाई जारी की है। विभाग ने सोशल मीडिया और मीडिया में चल रही उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें उत्पाद विभाग की छापेमारी के दौरान मुंद्रिका माझी नाम के व्यक्ति की मौत होने का दावा किया जा रहा था।


ड्रोन निगरानी के जरिए चिन्हित भट्टियों पर हुई त्वरित कार्रवाई

उत्पाद विभाग के अनुसार, मद्यनिषेध टीम ने पहले आधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद से अवैध शराब निर्माण के ठिकानों की पहचान की थी। इसके बाद टीम दोपहर 1:45 बजे नवादा सदर उत्पाद थाने से रवाना होकर करीब 3:45 बजे इचुआ गांव के बगीचे में पहुंची। मौके पर शराब बनाने की भट्ठी गर्म पाई गई, लेकिन वहां कोई संचालक या उपकरण मौजूद नहीं था। पास में बैठे 3-4 लोगों ने खुद को किसान बताते हुए भट्ठी के संबंध में अनभिज्ञता जताई।


3080 किलो जावा महुआ और 215 लीटर चुलाई शराब मौके पर नष्ट

कार्रवाई के दौरान ड्रोन सर्वे और मोबाइल वीडियो रिकॉर्डिंग की मौजूदगी में विभिन्न गड्ढों और प्लास्टिक के ड्रमों से लगभग 3080 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ घोल और 215 लीटर बनी हुई देशी चुलाई शराब बरामद की गई। आवश्यक सैंपल लेने के बाद बरामद सभी अवैध पदार्थों और घोल को मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। पूरी कार्रवाई का लाइव प्रसारण पटना स्थित मद्यनिषेध कंट्रोल रूम में देखा जा रहा था।


'किसी का पीछा नहीं किया गया, मौत की खबरें भ्रामक': उत्पाद विभाग

विभाग ने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि उपलब्ध वीडियो फुटेज और ड्रोन रिकॉर्डिंग से यह साफ होता है कि छापेमारी के दौरान किसी भी व्यक्ति का पीछा नहीं किया गया और न ही किसी के साथ मारपीट हुई। मुंद्रिका माझी की मौत से उत्पाद विभाग का नाम जोड़ना पूरी तरह से भ्रामक, तथ्यहीन और पुलिस-प्रशासन का मनोबल गिराने का प्रयास है।


अवैध शराब के खिलाफ जारी रहेगा अभियान, मीडिया से अपील

नवादा उत्पाद विभाग ने दोहराया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके साथ ही विभाग ने मीडिया और आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की खबर या दावों को प्रकाशित/प्रसारित करने से पहले प्रशासनिक व आधिकारिक पक्ष अवश्य प्राप्त करें।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट