नवादा में ऑनर किलिंग: ताराकोल डैम में मिली युवती की लाश का खुला राज, सगा भाई ही निकला कातिल

नवादा के ताराकोल डैम में मिली युवती की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। नवादा एसपी ने बताया कि नालंदा की रहने वाली 21 वर्षीय दिव्या कुमारी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके सगे भाई मनीष कुमार ने ही की थी

नवादा में ऑनर किलिंग: ताराकोल डैम में मिली युवती की लाश का ख
नवादा में ऑनर किलिंग- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले से एक दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग (Honor Killing) की वारदात सामने आई है, जहां कौआकोल थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध ताराकोल डैम में बीते दिनों बरामद हुई एक अज्ञात युवती की लाश के मामले का पुलिस ने पूरी तरह पर्दाफाश कर दिया है। गुरुवार को आयोजित एक हाई-प्रोफाइल प्रेस वार्ता में नवादा के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव धीमान ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि मृतका की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसके सगे भाई ने ही की थी। इस वारदात के पीछे की मुख्य वजह पारिवारिक विवाद और बहन द्वारा किया गया प्रेम विवाह था।


11 जून को पानी में तैरता मिला था दिव्या का शव

मामले की जानकारी देते हुए एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि बीते 11 जून 2026 को कौआकोल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ताराकोल डैम के पानी में एक अज्ञात महिला का शव उतरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को पानी से बाहर निकाला। शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो पा रही थी, लेकिन सघन तकनीकी जांच और हुलिया के आधार पर बाद में उसकी पहचान नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवतर गांव की रहने वाली 21 वर्षीय दिव्या कुमारी के रूप में की गई।


FSL की टीम ने जुटाए थे वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की संवेदनशीलता और ऑनर किलिंग की आशंका को देखते हुए नवादा पुलिस ने वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान शुरू किया था। वारदात के तुरंत बाद फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की विशेष टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया और वहां से कई महत्वपूर्ण भौतिक व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम नवादा सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया गया और कौआकोल थाने में कांड संख्या 303/26 दर्ज कर जांच की कमान संभाली गई।


पानीपत में किया था प्रेम विवाह, खौफनाक तरीके से लिया बदला

ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने के लिए एसपी के कड़े निर्देश पर एसडीपीओ (पकरीबरावां) के नेतृत्व में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब टेक्निकल सर्विलांस, कॉल डिटेल्स और ह्यूमन इंटेलिजेंस (जमीनी मुखबिरों) का जाल बिछाया, तो शक की सुई मृतका के भाई मनीष कुमार पर जाकर टिक गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनीष को हिरासत में लिया और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ शुरू की।

कड़ी पूछताछ के आगे टूटते हुए आरोपी भाई मनीष कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बहन दिव्या ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर हरियाणा के पानीपत में अपने प्रेमी से लव मैरिज (प्रेम विवाह) कर लिया था। इस शादी से पूरा परिवार समाज में अपनी बदनामी मान रहा था और बेहद गुस्से में था। इसी विवाद को लेकर घर में तीखी कहासुनी हुई, जिसके बाद मनीष ने अपनी बहन को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया और उसकी हत्या कर शव को डैम में फेंक दिया।


मुख्य आरोपी भाई भेजा गया जेल, अन्य की तलाश में छापेमारी

प्रेस वार्ता के दौरान एसपी अभिनव धीमान के साथ एसडीपीओ सुजय कुमार और कौआकोल थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि हत्यारे भाई मनीष कुमार को सुसंगत धाराओं के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में (जेल) भेज दिया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि इस साज़िश और हत्या में परिवार या बाहर के कुछ अन्य लोग भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हो सकते हैं, जिनकी सटीक पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी दबोच लिया जाएगा।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट