नवादा में शराब माफिया ट्रेन से ला रहे थे शराब, उत्पाद विभाग ने प्रयागराज से आ रहे 5 तस्करों को पकड़ा

गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान सावन कुमार, अंकित कुमार, सुजीत कुमार, भोला प्रसाद उर्फ भोला और सौरभ कुमार के रूप में हुई है। पकड़ीबरावां उत्पाद थाना टीम ने यह कार्रवाई की

Liquor mafia Nawada
Liquor mafia Nawada- फोटो : news4nation

Bihar News : नवादा में शराब माफिया अब ट्रेन के जरिए शराब की तस्करी कर रहे हैं। उत्पाद विभाग ने सोमवार को ऐसे ही एक मामले का खुलासा किया। प्रयागराज से शराब लेकर वारसलीगंज आ रहे पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि शेखपुरा समर स्पेशल ट्रेन (03698) में प्रयागराज से शराब लोड की गई है। यह शराब स्लीपर कोच S2 से S5 में ट्रॉली बैग और बैकपैक में रखी गई थी, जिसे वारसलीगंज स्टेशन पर या उससे ठीक पहले उतारा जाना था।


इस सूचना पर उत्पाद अधीक्षक ने एक टीम गठित की। पकड़ीबरावां उत्पाद थानाध्यक्ष को अलर्ट किया गया और नवादा स्टेशन पर सिविल ड्रेस में महिला सिपाहियों को ट्रेन में सवार होने का निर्देश दिया गया। वारसलीगंज स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही उत्पाद विभाग की टीम ने डिब्बे को घेर लिया और शराब तस्करों को बैग व झूलों के साथ पकड़ लिया। तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।


गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान सावन कुमार, अंकित कुमार, सुजीत कुमार, भोला प्रसाद उर्फ भोला और सौरभ कुमार के रूप में हुई है। पकड़ीबरावां उत्पाद थाना टीम ने यह कार्रवाई की, जिसका नेतृत्व थानाध्यक्ष रामेश्वर टुडु ने किया। उत्पाद विभाग ने कुल 177.750 लीटर शराब जब्त की है, जिसमें 142.500 लीटर बीयर और 35.250 लीटर विदेशी शराब शामिल है।

अमन के रिपोर्ट